ज्ञान भंडार

दिल्ली से गायब जैन समाज के धर्म गुरु लुधियाना में मिले

लुधियाना : राजधानी दिल्ली से दो दिन पहले अगवा किए गए जैन धर्म के गुरु गणि राजिंदर विजय जी महाराज शनिवार की सुबह साहनेवाल एयरपोर्ट के पास से मिले। पूरी तरह सचेत होने के बाद वह पास की एक करियाने की दुकान पर गए और दुकानदार से फोन लेकर दिल्ली अपने नजदीकियों को फोन किया। जिसके बाद रिश्तेदारों ने इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को दी। कुछ समय बाद ही केंद्रीय गृह मंत्री के दफ्तर से दुकानदार को फोन आया और बाबा से बात कराने को कहा। फोन कर गुरु गणि राजिंदर विजय जी महाराज से बात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। कुछ ही समय में लुधियाना पुलिस के आलाधिकारी और साहनेवाल पुलिस के साथ साथ जैन धर्म से जुड़े प्रमुख लोग भी वहां पहुंच गए। पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच गुरु जी को थाने ले गई।

कुछ ही घंटो बाद दिल्ली पुलिस भी साहनेवाल पहुंच गई। गुरु जी की मेडिकल जांच कराने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें दिल्ली वापस ले गए। जानकारी के अनुसार दो दिन पहले दिल्ली के रुप नगर इलाके से जैन धर्म के गुरु गणि राजिंदर विजय जी महाराज को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था। अगवा करने के बाद वह उन्हें लुधियाना ले आए। गुरु जी के अगवा होने की सूचना मिलने से पूरी दिल्ली पुलिस सक्ते में थी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी इस मामले में हस्तक्षेप कर रखा था। शनिवार की सुबह अपहरणकर्ता जैन धर्म गुरु गणि राजिंदर विजय जी महाराज को एयरपोर्ट के पास फेंक कर फरार हो गए।

जैन धर्म गुरु जब पूरी तरह से होश में आए तो उन्होंने पास ही में करियाने की दुकान चलाने वाले संदीप सिंह को अपना परिचय देकर फोन की मांग की। उन्होंने संदीप से कहा कि उन्हें दिल्ली फोन करना है। गुरु जी ने अपने नजदीकियों को फोन कर बताया कि वह कहां पर है। कुछ समय बाद ही संदीप सिंह के फोन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय से फोन आया कि वह गुरु गणि राजिंदर विजय जी से बात कराई जाए उनसे गृह मंत्री फोन पर बात करना चाहते है। जिसके बाद संदीप ने तुरंत गुरु जी को फोन दिया। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने गुरु से कुशलक्षेम पूछ कर जल्द ही पुलिस को भेजने की बात की। कुछ ही समय बाद साहनेवाल की पुलिस वहां पहुंच गई।

Related Articles

Back to top button