अन्तर्राष्ट्रीय

नेपाल : लाठीचार्ज से नाराज़ मधेसी प्रदर्शनकारियों का पुलिस चौकी पर धावा

protest_xEvtOnTसोनोली (7 अक्टूबर) : नो मैंस लैंड पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों और नेपाल पुलिस के बीच टकराव हुआ। हजारों की तादाद में प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया तो नेपाल सशस्त्र बल के जवानों ने भाग कर जान बचाई। इस बीच आन्दोलनकारी नेपाली पुलिस चौकी में घुस गए और तोड़फोड़ कर दी। नेपाल में हालात बिगड़ता देख भारतीय सुरक्षा बलों ने सीमा पर मोर्चा संभाल लिया है।

सद्भावना पार्टी के मुखिया राजेंद्र महतो की अगुवाई में नो मेंस लैंड पर चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान नेपाल पुलिस के लाठीचार्ज करने से हालात बेकाबू हो गए। समान नागरिकता और मधेस प्रदेश के लिए चल रहे आंदोलन को धार देने के लिए महतो ने नेपाल के सभी कस्टम कार्यालयों को ठप करने के लिए आह्वान किया। इसके बाद दोपहर को खुद नो मेंस लैंड पर धरना देने पहुंच गए। देखते ही देखते प्रदर्शकारियों की संख्या दो हजार से ज्यादा हो गई।

दबाव बनाने के लिए नेपाली पुलिस और सशस्त्र बल ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे उग्र हुए आन्दोलनकारियों ने पथराव कर दिया। सोनौली सीमा पर पहली बार इतनी बड़ी तादाद में जुटे आन्दोलनकारियों ने नेपाली पुलिस को खदेड़ लिया। इसके बाद आन्दोलनकारियों ने नेपाली पुलिस चौकी पर धावा बोल कर उसे तहस-नहस कर डाला।

हालात को देख भारतीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई। सोनौली पुलिस के साथ ही एसएसबी ने भी मोर्चा संभाल लिया। जवान गश्त बढ़ाकर आन्दोलनकारियों पर नजर रखे हुए हैं। उनकी कोशिश है कि आन्दोलनकारी भारतीय सीमा में न घुस पाएं।

सोनौली सीमा से नेपाल को जाने वाले मालवाहक वाहनों के पहिये लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी ठप रहे। सोमवार दोपहर में प्रदर्शन की अनुमति लेने गए तीन आंदोलनकारियों को हिरासत में लेने पर हुए बवाल के बाद ही नेपाल की आपूर्ति ठप हो गई है। चालकों ने बिना सुरक्षा की गांरटी के वाहनों को ले जाने से इनकार कर दिया है।

Related Articles

Back to top button