मध्य प्रदेशराज्य

नौतपा के अंतिम दिन भी पारा 40 डिग्री के पास

ग्वालियर: भीषण गर्मी के लिए पहचाने जाने वाला रोहिणी नक्षत्र यानी नौतपा इस बार बिना तपे ही गुजर गया। प्री मानसून गतिविधियों के कारण नौतपा के नौ दिनों में तापमान सामान्य से नीचे ही बना रहा। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों तक भी बादलों की आवा-जाही बनी रह सकती है। इस वजह से तापमान में फिलहाल ज्यादा उलटफेर की संभावना नहीं है।

नौतपा के अंतिम दिन बुधवार को सुबह से दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम शुष्क रहा, जिससे तेज धूप निकली, जबकि हवाएं मंदि गति से चलीं। इस वजह से पिछले दिन की तुलना में अधितम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 2.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 46 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 32 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक है।

स्थानीय मौसम वैज्ञानिक के अनुसार वर्तमान में तीन वैदर सिस्टम सक्रिय हैं, जिनमें हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। उत्तर पश्चिमी मध्यप्रदेश में ऊपनी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा अरब सागर से ग्वालियर के पास से होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इस वजह से हवाओं के साथ अरब सागर से नमी आ रही है। इसके चलते अगले दो दिनों तक ग्वालियर-चम्बल में बादलों की आवा-जाही के साथ कहीं तेज हवाएं चल सकती हैं तो कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।

 

Related Articles

Back to top button