टॉप न्यूज़फीचर्डराष्ट्रीय

पुणे: भारी बारिश से 17 लोगों की मौत, 16 हजार लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया

महाराष्ट्र के पुणे शहर और उसके आसपास अचानक हुई मूसलधार बारिश के कारण अलग-अलग हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार-गुरुवार की रात करीब 106 मिलीमीटर से भी ज्यादा बारिश के बाद 16 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें शहर और बारामती तहसील में तैनात की गई हैं।

गुरुवार को बंद रहने के बाद शुक्रवार को भी स्कूल और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। पुणे के एसपी संदीप पाटिल ने कहा कि मुंबई-बंगलूरू हाईवे पर खेड़-शिवपुर गांव में दरगाह पर सो रहे छह लोग भारी बारिश में बह गए, इनमें चार के शव मिले हैं और दो लोग अभी तक लापता हैं। पुरंदर में दो लोगों के लापता होने की खबर है। इसके अलावा पांच लोगों की बुधवार रात अर्नेश्वर क्षेत्र की तांगेवाला कॉलोनी में दीवार गिरने से मौत हो गई। एक अन्य घटना में साहकर नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिला है। दत्तावाड़ी, सिंहगढ़ रोड और भारती विद्यापीठ में बाढ़ के पानी की चपेट में आकर सात लोगों की मौत हो गई। सिंहगढ़ रोड और भारती विद्यापीठ क्षेत्र से चार लोग अब भी लापता हैं।

पुणे शहर के अलावा उसकी तहसीलों हवेली, भोर, पुरंदर और बारामती में भी बारिश ने कहर बरपाया है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, जेजूरी के करीब करहा नदी पर बने नजारे बांध से पानी छोड़े जाने के चलते बारामती से 2500 लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया है। इसके अलावा पुणे शहर के निचले इलाकों में आई बाढ़ के चलते 3000 लोगों शिफ्ट करना पड़ा है। जिले में कुल 16 हजार लोगों को शिफ्ट किया गया है। सेना ने घरों की छतों और पेड़ों पर फंसे करीब 300 लोगों को बचाया है। बाढ़ की चपेट में आकर 175 से ज्यादा वाहनों के बह जाने की खबर है। जिलाधिकारी नवल किशोर राम ने करीब 59 गांवों के बाढ़ के पानी में डूबे होने की पुष्टि की है।

चुनाव आयोग को दी गई सूचना
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य में 21 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के चलते आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके चलते बारिश के कारण मची तबाही की खबर चुनाव आयोग को दे दी गई है। पीड़ितों को उचित मदद दिए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगा।
शुक्रवार को स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी
भारी बारिश के चलते पुणे शहर, पुरंदर, बारामती, भोर और हवेली तहसील के स्कूल और कॉलेजों में शुक्रवार को भी अवकाश की घोषणा कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button