दिल्लीराष्ट्रीय

प्रदेश में बनेगी भाजपा की स्पष्ट बहुमत वाली सरकार : राजनाथ

भोपाल: कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में जो भी वादे करती है, उन्हें निभाती नहीं है। पार्टी ने जब-जब भी कर्ज माफी की बात की है, उसे निभाया नहीं है। कांग्रेस का वचन पत्र एक दिवालिया बैंक के पोस्ट डेटेड चैक की तरह है, जिसका कोई मूल्य नहीं होता। प्रदेश में जिस तरह का माहौल है, उससे यह स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मैंने मध्यप्रदेश में कई जगह दौरे किए हैं, सभाओं को संबोधित किया है। यहां जो माहौल दिखाई दे रहा है, उसके आधार पर कहा जा सकता है कि प्रदेश में भाजपा चौथी बार पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने जा रही है।

सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने भारतीय राजनीति में विश्वास का संकट पैदा कर दिया है, जिसकी वजह उसकी कथनी और करनी में अंतर है। लेकिन विश्वास के इस संकट पर विजय हासिल करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने 13 वर्षों के कार्यकाल में जनता के बीच अपनी साख बनाई है। उन्होंने अपने वादे निभाए और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने करिश्माई काम किया है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय जो कांग्रेस के समय में 15 हजार के करीब थी, वह अब 80 हजार के पास पहुंच रही है। इसी तरह प्रदेश में अर्थव्यवस्था के आकार में भी करीब 11 गुना बढ़ोतरी हुई है।

श्री सिंह ने कहा कि प्रदेशों में किए गए विकास और सुशासन की पिच पर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा चौका मारने जा रही है। सिंह ने कहा कि तुलनात्मक रूप से भाजपा अच्छी सरकार चलाने वाली पार्टी है। पार्टी का संगठन आदर्श है और यह विचाराधारा पर चलने वाला राजनीतिक दल है। इसलिए जब भी चुनाव होते हैं, तो पार्टी अपना नेता पहले घोषित कर देती है। लेकिन कांग्रेस यह साहस नहीं कर पा रही है। चुनाव के मैदान में पार्टी का सेनापति तय नहीं है। हर जिले का नेता मुख्यमंत्री बनना चाहता है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में कांग्रेस कौन बनेगा मुख्यमंत्री खेल रही है।

Related Articles

Back to top button