उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

प्रियंका के ट्वीट पर सीएम योगी ने कहा- सुर्खियों में बने रहने के लिए कुछ तो करना ही पड़ेगा

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा के ट्वीट पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यह मामला अंगूर खट्टे हैं, जैसा है। उनकी पार्टी के अध्यक्ष यूपी से हार गए, इसलिए दिल्ली, इटली या इंग्लैंड में बैठकर उन्हें सुर्खियों में बने रहने के लिए कुछ न कुछ टिप्पणी तो करनी होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में हिंदू परिवारों के पलायन मुद्दे पर कहा कि कोई भी पलायन नहीं कर रहा है। अब हम सत्ता में आए हैं तो कौन पलायन करेगा? व्यक्तिगत विवादों के कुछ मामले हो सकते हैं, लेकिन कोई माइग्रेशन नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में रविवार सुबह पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमारी सरकार जीरों टॉलरेंस पर कार्य कर रही है। अपराध नियंत्रण हमारी प्राथमिकता है। इसका असर दिखाई पड़ रहा है। मेरठ के प्रहलाद नगर पलायन प्रकरण को लेकर कहा कि जब तक हम हैं, कहीं पलायन हो ही नहीं सकता। पिछली सरकारों में कैराना कांधला में व्यापक स्तर पर पलायन हुआ था। ये दोनों कस्बे ही सबसे संवेदनशील थे, अब वहां हालात बदल गए हैं। भाजपा सरकार में पलायन रुक गया है, घर वापसी हो रही है।

सीएम ने कहा कि जिनके लिए अंगूर खट्टे हैं, आज वही लोग हम पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने जेलों से चल रही आपराधिक गतिविधियों पर कहा कि जेल सुधार गृह तो हो सकती हैं, अपराध संचालन का केंद्र नहीं होना चाहिए, इसे लेकर हमारी सरकार विशेष सतर्क है। प्रियंका के ताजा बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि योगी सरकार को आत्मसमर्पण कर देना चाहिए, पर योगी ने कहा कि जिनके लिए अंगूर खट्टे हैं, जो अपनी सीट तक नहीं बचा पाए ऐसे लोग इंग्लैंड में बैठकर ऐसे आरोप लगा रहे हैं। इनमें कोई दम नहीं है। इन आरोपों के जरिए हमें घेरने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह कोशिश सफल होने वाली नहीं है।

उन्होंने आगामी उपचुनाव को लेकर कहा कि भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है। इससे पूर्व उन्होंने अपनी सरकार के कार्य गिनाए। कहा, सरकार ने रिकार्ड गन्ना भुगतान किया है। एक जिला, एक उत्पाद योजना के तहत सहारनपुर के हैंडीक्राफ्ट उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे लाखों हाथों को रोजगार मिला है। योगी शनिवार को सहारनपुर आए थे। निरीक्षण, कानून व्‍यवस्‍था व विकास कार्यों की समीक्षा के बाद यहीं रात्रि विश्राम किया। सुबह पत्रकारों से बातचीत के बाद मुरादाबाद रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button