राज्यराष्ट्रीय

प्रियंका के बारे में परिवार फैसला करेगा- नटवर

priyanka gandhiनई दिल्ली। कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रियंका गांधी को पार्टी में बड़ी भूमिका देने की मांग के बीच, नटवर सिंह ने कहा कि प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने के बारे में केवल ‘‘परिवार’’ ही फैसला करेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या प्रियंका को पार्टी में बड़ी भूमिका निभानी चाहिए, उन्होंने कहा, ‘‘राहुल का क्या होगा? यह फैसला परिवार करेगा।’’ उनकी आत्मकथा ‘‘वन लाइफ इज नाट एनफ’’ के गुरुवार रात औपचारिक रूप से विमोचन के इतर बात करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘वे एकजुट हैं। केवल तीन लोग (सोनिया, राहुल और प्रियंका) फैसला करेंगे।’’ सोनिया के बारे में सिंह ने कहा कि उन्हें यह सुनकर आश्चर्य हुआ कि वह भी एक पुस्तक लिखेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पुस्तक किसी एक व्यक्ति पर केन्द्रित नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया ने इसे एक पर केन्द्रित किया जो अब कहती हैं कि वह एक पुस्तक लिखेंगी। सामान्य तौर पर वह किसी चीज का जवाब नहीं देतीं और मुझे आश्चर्य हुआ कि उन्होंने ऐसा किया।’’ एक समय गांधी परिवार के करीबी रहे सिंह ने दावा किया कि सोनिया की प्रतिक्रिया ने इस पुस्तक की बिक्री बढ़ाने में मदद की। सिंह ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि उन्हें किसने सलाह दी। मैं सिर्फ इतना कहता कि इसमें शामिल मत होइए। कुल मिलाकर नतीजा यह है कि बिक्री बढ़ गई।’’ सिंह ने कहा कि वह चाहते हैं कि सोनिया अपने वादे के अनुसार पुस्तक लिखना शुरू करें क्योंकि वह विश्व की सबसे शक्तिशाली हस्ती में से एक हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जब वह सोनिया के करीबी थे तो उन्होंने उन्हें एक पुस्तक लिखने की सलाह दी थी और उन्होंने उस समय इससे मना कर दिया था और कहा था कि प्रियंका उनकी जीवनी लिखेंगी और वह इसमें सहलेखिका के रूप में शामिल होंगी।

Related Articles

Back to top button