राष्ट्रीय

फायरब्रांड नेता रेवंत रेड्डी आधी रात में गिरफ्तार

तेलंगाना कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष और कोडांगल के मौजूदा विधायक रेवंत रेड्डी की गिरफ्तारी को कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र पर धब्बा करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस नेता जी एन रेड्डी ने कहा कि के चंद्रशेखर राव पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से पुलिस उनके बेडरूम में घुसी है, यह भारत में कभी नहीं हुआ है।

कांग्रेस पार्टी ने घटना का वीडियो ट्वीट कर कहा, “कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष और कोडांगल विधायक रेवंत रेड्डी की आधी रात को हुई गिरफ्तारी हमारे लोकतंत्र पर एक धब्बा है और एक स्पष्ट संकेत है कि टीआरएस एक बड़े नुकसान से डरी हुई है।” बता दें कि मंगलवार की रात करीब तीन बजे रेवंत रेड्डी को कोडांगल से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख के चंद्रशेखर राव (केसीआर) की निर्धारित रैली से कुछ घंटे पहले यह घटना हुई है। केसीआर की आज कोडांगल में एक चुनावी सभा है।

खबरों के मुताबिक सुबह सुबह भारी पुलिस बल रेवंत रेड्डी के घर पहुंची। उस समय वे सो रहे थे। पुलिस ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हो गई और उनको गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस नेता जी एन रेड्डी ने कहा, “केसीआर पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं। जिस तरीके से पुलिस उनके बेडरूम में घुसी है, यह भारत में कभी नहीं हुआ है। रेवंत रेड्डी कोई साधारण आदमी नहीं है। वह एक ब्राह्मोस मिसाइल हैं और यह मिसाइल टीआरएस का खत्मा करने जा रही है। समाचार एजेंसियों के मुताबिक कोडांगल के कोशंगी में केसीआर की रैली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेड्डी को उनके घर से उठा लिया गया और उन्हें एक अज्ञात स्थान पर रखा गया है। गौरतलब है कि उन्होंने कथित रूप से केसीआर की रैली को असफल बनाने के लिए विरोध रैली आयोजित करने का एलान किया था और बंद बुलाई थी। बता दें कि इस साल की शुरुआत में रेवंत रेड्डी ने तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) छोड़ दी थी और कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

Related Articles

Back to top button