उत्तर प्रदेश

भांजी को जिंदा जलाने वाली मामी गिरफ्तार

hathras_1463549545उत्तर प्रदेश में हाथरस के मुरसान/गांव करील में 14 वर्षीय आरती की हत्या की आरोपी उसकी मामी ममता को मंगलवार की सुबह पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गांव जटोई के बाजरे के खेतों से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी।
 

पूछताछ में उसने पुलिस के समक्ष हत्या की बात कबूल ली है। ममता ने बताया कि करंट लगाने के बाद भी जब आरती की मौत नहीं हुई तो उसने मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया।

पुलिस ने इस मामले में ममता, उसकी मां राममूर्ति पत्नी सुरेंद्र निवासी सलेमपुर सादाबाद को भी गिरफ्तार किया है। जबकि ममता के प्रेमी की तलाश जारी है। एसपी का कहना है कि इस जघन्य अपराध के लिए आरोपी ममता के विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई की जाएगी। 

चचिया सास के बेटे से थे प्रेम संबंध
मंगलवार की प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि ममता की शादी को आठ महीने ही हुए हैं। शादी के कुछ दिनों बाद ही उसके प्रेम संबंध अपनी चचिया सास मुनेश के बेटे हल्केश से हो गए थे। कुछ दिन पहले मुनेश को इसका पता चल गया। इसकी जानकारी आरती को भी हो गई।

अपने मामा भूरा के यहां रहकर पढ़ाई कर रही छर्रा की आरती रात को मामी ममता के पास सोती थी। एक दिन रात जब ममता हल्केश से मोबाइल पर बात कर रही थी। आरती ने सारी बातें सुन लीं। कक्षा आठ में पढ़ने वाली आरती ने अगले दिन मामी को यह सारी बातें मामा भूरा को बताने की चेतावनी दे डाली। इसके बाद ही उसे मारने का प्लान बनाया गया।

एसपी के मुताबिक, सनसनीखेज अपराधिक घटनाओं पर आधारित टीवी सीरियल को देखकर हत्या की सचिश रची गई थी। घटना के दिन घर पर ममता और आरती दोनों अकेले थे। ममता ने हाथ-पैर बांधकर खेल खेलने का ड्रामा किया। पहले अपने हाथ-पैर बांध। फिर आरती ने अपने हाथ-पैर बांधे।

मौका लगते ही ममता ने खुद को बंधन मुक्त कर आरती के मुंह को बांध दिया। इसके बाद उसे करंट लगाया गया। करंट से वह बेहोश हो गई, पर सांसें चल रही थीं। इसके बाद घर की पुरानी दीवार में बने छेदों में कपड़े भर दिए, ताकि धुंआ बाहर न निकले और मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया। हाथ पैर और मुंह पर कपड़ा बंधा होने के कारण उसकी चीख बाहर नहीं निकल सकी।

दीवार पर लिख दिया चचिया सास का नाम
ममता ने आरती की हत्या के बाद दीवार पर चचिया सास का नाम लिख दिया। वह अपने बेटे और ममता के बीच संबंधों के बारे में जानती थी। उसे फंसाने के लिए ममता ने लिखा-मेरी हत्या मुनेश ने कराई है, ताकि पुलिस का शक मुनेश पर जाए। आरती को भी ममता ने अपने कपड़े और जेवरात पहनाकर यह दिखाने की कोशिश की कि मरने वाली ममता है, न कि आरती। चेहरा जलने के बाद पुलिस और परिजनों ने जलने से रह गए आरती के पैरों से उसकी पहचान की। 

Related Articles

Back to top button