राज्यराष्ट्रीय

भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी से गैंगरेप के आरोप में टीएमसी से जुड़े 2 लोग गिरफ्तार, 3 की तलाश

बंगाल: पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी के साथ गैंगरेप के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े बताए गए हैं। वहीं तीन अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है। यह घटना पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में शनिवार रात आमता विधानसभा क्षेत्र के बंगनन में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवा टीएमसी नेता है, जबकि दूसरा एरिया प्रेसीडेंट है। इनके नाम जयानल मलिक और शेख शाहिद बताए गए हैं।

घर में घुसकर दिया घटना को अंजाम
घटना की शिकार महिला के पति ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इन सभी का जुड़ाव टीएमसी से बताया गया है। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। मामले में दर्ज शिकायत के मुताबिक जिस दिन घटना हुई भाजपा कार्यकर्ता घर पर नहीं था। आरोपियों ने महिला के घर पहुंचकर आवाज लगाई। महिला को लगा कि उसका पति वापस आया है। जब उसने दरवाजा खोला तो आरोपियों ने घर में घुसकर घटना को अंजाम दे दिया। मामले की जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों ने महिला के बेटे के चिल्लाने की आवाज सुनी। इसके बाद लोग मदद के लिए दौड़े और पीड़िता को उल्बेरिया स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है।

कार्यकर्ता ने बताया राजनीतिक बदला
भाजपा कार्यकर्ता के मुताबिक उसकी पत्नी ने पांच लोगों को देखा था। उसने बताया कि उसकी पत्नी बोल नहीं सकती। करीब डेढ़ साल पहले उसे दौरा पड़ा था, जिसके बाद उसकी बोलने की क्षमता चली गई थी। भाजपा कार्यकर्ता का कहना है यह घटना राजनीतिक बदला लेने के मकसद से अंजाम दी गई है। उसने बताया कि हालिया चुनाव में इस क्षेत्र में टीएमसी का वर्चस्व बढ़ा है। उसने कहा कि उन लोगों ने मेरी पत्नी के साथ ज्यादती की क्योंकि हम विपक्षी दल से आते हैं। वहीं टीएमसी के स्थानीय नेताओं ने घटना को लेकर दुख जताया है।

Related Articles

Back to top button