टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराज्य

महाराष्ट्र में चुनाव से पहले भाजपा कॉरपोरेटर सहित परिवार के 5 लोगों की हत्या, 3 गिरफ्तार


मुम्बई : महाराष्ट्र में तीन बंदूकधारियों ने एक भाजपा पार्षद और उसके परिवार के चार सदस्यों की गोलियां मारकर हत्या कर दी। भाजपा पार्षद रविंद्र खरात (55) और उनके परिवार के अन्य सदस्य रविवार रात को अपने घर में थे, तभी बंदूकधारियों ने उन पर हमला किया। इस हमले के बाद कुल 5 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरा भुसावल शहर हिल गया है। पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। भुसावल शहर में गुंडागर्दी फिर से दिख रही है। घटना रविवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। रविंद्र खरात भुसावल शहर स्थित समता नगर परिसर में अपने घर के बाहर बैठे थे तभी दो आरोपियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में वे बुरी तरह से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर उनके भाई सुनील बाबू राव खरात बाहर आए। हमलावरों ने उन पर भी गोली चला दी। सुनील खरात जान बचाने के लिए बगल वाले घर में घुस गए, वहां पर भी हमलावर उनका पीछा करते हुए पहुंच गए। हमलावरों ने चाकू से सुनील खरात पर बुरी तरह से हमला किया और उनका गला काट दिया। उनकी वहीं पर मौत हो गई। हमलावरों ने बाद में रविंद्र खरात के दोनों बेटे रोहित और प्रेम सागर के साथ उनके एक दोस्त पर भी चाकू से हमला बोल दिया। इस दौरान हमलावरों ने रविंद्र खरात के दोनों बेटों सहित दोस्त को भी बुरी तरह से घायल कर दिया। हमला करने के बाद बदमाश फरार हो गए। इसमें दो व्यक्तियों की तत्काल घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीनों घायलों को जलगांव सिविल अस्पताल में एडमिट कराने ले जाया गया, लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई।

इस घटना में मृतक रविंद्र की पत्नी भी घायल हो चुकी हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना के आधे घंटे के बाद जलगांव के पुलिस विभाग ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के समय हाथापाई भी हुई थी, उसमें ये दो आरोपी भी जख्मी हुए थे। पुलिस इस घटना की तहकीकात कर रही है। भुसावल शहर के समता नगर में पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दी गई है। भुसावल शहर के साथ पूरे जिले में बहुत खलबली मची है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आपसी रंजिश में इस तरह की हत्या हुई है। पुलिस अधीक्षक पंजाबराव उगले ने कहा कि इस घटना के बाद भुसावल शहर में माहौल तनावपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button