ज्ञान भंडार

महिला ने शनि प्रतिमा पर तेल चढ़ाया, तो पंडितों ने किया शुद्धिकरण

sdaer_1448847373अहमदनगर। प्रसिद्ध धर्मस्थल शनि शिंगणापुर में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक लड़की मूर्ति पर तेल चढ़ा आई। भीड़ के कारण सुरक्षाकर्मी उसे जाते नहीं देख सके। पर जब वह लौट रही थी, तो लोगों का ध्यान गया। इस बीच वह वहां से जा चुकी थी। गांव के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। आखिरकार रविवार को सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। इसमें लड़की को चबूतरे पर चढ़ते-उतरते देखा गया। इसके बाद ग्रामसभा हुई और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सात लोगों को हटा दिया गया। सुबह दर्शन भी रोक दिया गया।
 
पंडितों ने तेल और दूध से शनिदेव का अभिषेक और महाआरती कर शुद्धिकरण किया। तब दोपहर बाद मंदिर को दर्शन के लिए खोला गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष शिवाजीराव दलंदले ने बताया कि 400 साल से यह परंपरा है कि महिलाएं मूर्ति के पास नहीं जा सकतीं। आगे ऐसा न हो, इसकी व्यवस्था की गई है।
 
मंदिर के रवैये का विरोध
मंदिर प्रबंधन के रवैये पर देशभर में विरोध दर्ज कराया गया है। महाराष्ट्र की अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने महिला द्वारा मूर्ति पर तेल चढ़ाने पर खुशी जताई है। उनका कहना है कि यह रूढ़ि है कि महिलाएं शनिदेव के पास नहीं जा सकतीं।

 

Related Articles

Back to top button