अजब-गजब

ये लड़की हवाई जहाज से करने जा रही है शादी, जानिए इस अजीबोगरीब प्यार के बारे में

इंसान से या किसी जीव-जंतु से यानी सजीव चीजों से किसी व्यक्ति को प्यार हो-मोहब्बत हो, ये तो समझ में आता है, लेकिन निर्जीव चीजों से कोई प्यार करे, यह समझ के बिल्कुल परे है। लेकिन जर्मनी की राजधानी बर्लिन में कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। यहां 30 वर्षीय एक लड़की को छह साल पहले बोइंग 737-800 विमान से प्यार हुआ और अब मार्च में यानी अगले महीने में वो इस हवाई जहाज से शादी करने जा रही है। यह अनोखी शादी नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम में होगी।

लड़की का नाम मिशेल कोबके है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिशेल ने पहली बार इस बोइंग विमान को मार्च 2014 में टेगल एयरपोर्ट पर देखा था और पहली नजर में ही उन्हें इस विमान से प्यार हो गया। इतना ही नहीं, वह मन ही मन उससे शादी करने के भी सपने देखने लगीं। मिशेल कहती हैं कि यह उनका लॉन्ग डिस्टेन्स लव यानी लंबी दूरी का प्यार है। उन्हें इस हवाई जहाज के विंग (पंखे), विंगलेट्स और थ्रस्टर्स (प्रणोदक) बहुत अच्छे लगते हैं।

मिशेल अपनी मोहब्बत यानी हवाई जहाज को प्यार से ‘सात्स’ बुलाती हैं। जर्मन भाषा में सात्स का मतलब होता है प्रिय। वह कहती हैं कि सात्स उनका पहला प्यार है। हालांकि साल 2011 में वह एक व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में थीं, लेकिन वह प्यार ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाया था।

मिशेल पेशे से एक सेल्सवुमन हैं। वह अक्सर अपने प्यार यानी विमान को देखने एयरपोर्ट चली जाती हैं। हालांकि उन्होंने उस विमान का एक टॉल मॉडल भी खरीद लिया है और हमेशा अपने पास रखती हैं, ताकि वह अपने प्यार से दूरी महसूस ना करें। यहां तक कि वह उसी के साथ सोती भी हैं। हैरानी की बात तो ये है कि उनके अजीबोगरीब प्यार के बारे में उनके परिवार को भी पता है, लेकिन उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं है।

हालांकि, मिशेल के कुछ दोस्तों का मानना है कि उसका किसी हवाई जहाज से प्यार एक तरह का डिसऑर्डर (विकार) है। ऐसे विकार में लोगों को निर्जीव चीजों से प्यार हो जाता है। ऐसे विकार को ‘ऑब्जेक्टोफिलिया’ कहा जाता है। इसके इतर मिशेल कहती हैं कि हवाई जहाजों के पार्ट्स इकट्ठा करना उनका शौक है। वह आगे चलकर बोइंग विमानों की मैकेनिक बनना चाहती हैं।

Related Articles

Back to top button