दिल्लीराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

राहुल ने चाको और शीला दीक्षित को बुलाया

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 में आम आदमी पार्टी (आप) के गठबंधन को लेकर कांग्रेस में चर्चा का दौर अब भी जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर सुबह साढ़े 10 बजे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शीला दीक्षित और दिल्ली प्रभारी पीसी चाको को बुलाया। बताया जा रहा है इस दौरान आप के साथ गठबंधन को लेकर कोई निर्णय लिया जा सकता है। हालांकि आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस अगर सिर्फ दिल्ली में गठबंधन करना चाहेगी तो गठबंधन नहीं करेंगे। अगर गठबंधन होगा तो पांच राज्यों में होगा। इनमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और गोवा शामिल हैं। हालांकि गठबंधन पर सोमवार को ही आम आदमी पार्टी की ओर से कहा गया था कि गठबंधन होने का कोई पता नहीं है। आम आदमी पार्टी दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का प्रचार कर रही है। ज्ञात हो कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है, जहां शीला दीक्षित खेमा अरविंद केजरीवाल के साथ गठबंधन के खिलाफ है, वहीं पीसी चाको और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व अध्यक्ष अजय माकन आप के साथ गठबंधन चाहते हैं। पिछली बार हुई बैठक में दिल्ली कांग्रेस के नेता गठबंधन से इनकार कर चुके हैं। हालांकि उन्होंने कहा था कि इसका फैसला राहुल गांधी करेंगे। तभी से गठबंधन को लेकर कयास लग रहे हैं लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। ऐसे में देखना होगा कि आज क्या फैसला होता है।

Related Articles

Back to top button