दिल्लीराष्ट्रीय

शीतलहर की चपेट में उत्‍तर भारत, ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड कई स्‍थानों पर झील, नदी व ताल जम गए

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली सहित उत्‍तर भारत के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्‍ली में ठंड ने कई रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं तो कश्‍मीर और हिमाचल प्रदेश में कई स्‍थानों पर झील, नदी व ताल जम गए हैं।

नई दिल्‍ली: राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली सहित पूरा उत्‍तर भारत शीतलहर की चपेट में है। सुबह और शाम हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है तो देश के कई हिस्‍सों में तापमान शून्‍य से नीचे पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश और जम्‍मू एवं कश्‍मीर में कई स्‍थानों पर नदी, झील और ताल जम गए हैं। राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड ने यहां बीते कुछ वर्षों के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्‍ली में गुरुवार सुबह न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से एक डिग्री कम 3.7 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार की रात पिछले 4 साल में सबसे ठंडी रात रही। यह बुधवार तक इस साल का सबसे कम तापमान रहा।

दिल्‍ली में गुरुवार सुबह कई इलाकों में हल्‍का कोहरा भी रहा, जिससे दृश्‍यता कम रही और सड़कों पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। राष्‍ट्रीय राजधानी में ठंड के साथ-साथ प्रदूषण की समस्‍या भी गहराती जा रही है। गुरुवार को लोधी रोड इलाके में पीएम 2.5 और पीएम 10 ‘गंभीर’ श्रेणी में रहा। यहां इस सप्‍ताह की शुरुआत से ही प्रदूषण की गंभीर स्थिति है। यह स्थिति इस साल दूसरी बार पैदा हुई है। विशेषज्ञों ने इसके लिए खराब मौसम दशाओं को जिम्‍मेदार ठहराया है। राष्‍ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता की खराब स्थिति को देखते हुए लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले मास्क पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को इस दौरान बाहर निकलते समय बेहद सावधानी बरतने के लिए भी कहा गया है। इस बीच, दिल्‍ली में मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार ने कहा है कि अगर स्थिति नियंत्रण में नहीं आती है तो यहां एक बार फ‍िर ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू किया जा सकता है।

राष्‍ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के हिसार में गुरुवार को न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से 1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया तो नारनौल में यह 1.5 रहा। उधर, कश्मीर में ठंड के कारण लेह में तापमान शून्य से 17.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। यहां कड़ाके की सर्दी के बीच जलाशयों में पानी जम गया है और कई रिहायशी इलाकों में जलापूर्ति ठप हो गई है। वहीं, करगिल में तापमान शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कश्‍मीर घाटी में सबसे सर्द गुलमर्ग रहा, जहां न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्‍पीति के केलांग में भी तापमान शून्‍य से 11.1 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। यहां भीषण शीतलहर के बीच कई नदियां और झील जम गए हैं। लाहौल-स्‍पीति में चंद्रभागा नदी के एक हिस्‍से का पानी जम गया है। इससे नदी में पानी का प्रवाह कम हुआ है और थ‍िरोट स्थित घाटी की एकमात्र पनबिजली परियोजना के लिए पानी की कमी भी हो गई है।

Related Articles

Back to top button