स्पोर्ट्स

शुअर्ड भारतीय महिला हॉकी टीम के नये कोच बने

नई दिल्ली (ईएमएस)। हॉलैंड के शुअर्ड मरेन भारतीय महिला राष्ट्रीय हॉकी टीम के नये कोच बने हैं। हॉकी इंडिया (एचआई) ने मरेन को नया प्रमुख कोच नियुक्त किया है। एचआई ने अगले चार वर्षों के लिये कोच बनाया है। मरेन इस दौरान अपने ही देश के एरिक वोनिंक के साथ मिलकर काम करेंगे जिन्हें विश्लेषक कोच नियुक्त किया गया है। यह दोनो नए कोच भारतीय महिला हॉकी टीम को ओलंपिक के लिए तैयार करेंगे। शुअर्ड इससे पहले हालैंड की महिला राष्ट्रीय टीम के कोच रहे हैं।

हॉकी इंडिया के महासचिव मो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि हम मरेन और वोनिंक को महिला टीम और अगले ओलंपिक के लिये जोड़कर खुश हैं। हमारी टीम ने पिछले कुछ वर्षों में अच्छा प्रदर्शन किया है और हमें उम्मीद है कि दोनों नये कोच टीम को नयी ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। मरेन और वोनिंक भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सेंटर में राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ेंगे। मरेन के मार्गदर्शन में ही अंडर-21 महिला टीम विश्वकप खिताब तक पहुंची थी।

इसके अलावा हालैंड की सीनियर महिला टीम ने उनके मार्गदर्शन में वर्ष 2015 हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल में स्वर्ण जीता था। वर्ष 2011 से 2014 के बीच मरेन हॉलैंड की अंडर-21 टीम के राष्ट्रीय मुख्य कोच रहे हैं। इसके अलावा वह चीन के एक क्लब के भी सलाहकार रहे हैं। मरेन ने भारतीय टीम के साथ अपनी नयी पारी को शुरू करने पर खुशी जताते हुये कहा कि मैं इस नयी भूमिका को लेकर उत्साहित हूं। भारतीय महिला टीम बहुत प्रतिभाशाली है और यह बेहतरीन खिलाडियों का समूह है जिसमें दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनने की काबिलियत है।

Related Articles

Back to top button