फीचर्डस्पोर्ट्स

सिंधु के सामने टिक नहीं पाए धोनी और विराट

sidhu_dhoni_virat_26_12_2016रियो ओलिंपिक की रजत पदक विजेता शटलर पीवी सिंधु सर्च इंजन गूगल पर वर्ष 2016 में सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली भारतीय खिलाड़ी रहीं। सिंधु ने इस मामले में दिग्गज क्रिकेटरों महेंद्रसिंह धोनी, विराट कोहली और सचिन तेंडुलकर को भी पीछे छोड़ दिया।

गूगल पर 2016 में सर्च किए जाने वाले टॉप 10 भारतीय खिलाडि़यों में दीपा कमार्कर और साक्षी मलिक भी शामिल रहीं। दीपा रियो ओलिंपिक में जिम्नास्टिक्स में वॉल्ट में चौथे स्थान पर रही थी जबकि साक्षी मलिक ने कुश्ती में कांस्य पदक जीता था।

टॉप 10 में जगह बनाने वाले अन्य खिलाडि़यों में भारतीय वन-डे कप्तान धोनी, टेस्ट कप्तान कोहली, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर, टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत भी जगह बनाने में सफल रहे।

गूगल सर्च इंजन पर भारतीयों द्वारा सर्च किए जाने वाले दिग्गजों की ओवरऑल सूची में पीवी सिंधु नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। फोर्ब्स की 100 दिग्गजों की सूची में भारत में विराट कोहली ने भारतीय खिलाडि़यों में पहला और सिंधु ने 43वां स्थान हासिल किया था। लेकिन फोर्ब्स की सूची सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और आमदनी के हिसाब से बनती है।

सिंधु के लिए वर्ष 2016 यादगार बन गया है। उन्होंने रियो ओलिंपिक में रजत पदक जीता था। उन्हें फाइनल में केरोलिना मारिन के हाथों हार मिली थी। इसके बाद उन्हें दुबई में वर्ल्ड सीरीज फाइनल्स में भी खिताबी मुकाबले में हारकर दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था।

 

Related Articles

Back to top button