अजब-गजब

सिर्फ 24 लाल अंगूरों की कीमत इतनी कि सुनकर रह जाएंगे आप आश्चर्यचकित, इसे कहते हैं अमीरों का फल

जापान में अंगूर की एक नई प्रजाति तैयार की गई है। इन अंगूरों की कीमत इतनी है कि आपको सुनकर यकीन करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। यहां पर 24 अंगूरों के एक गुच्छे को 7.5 लाख रुपये में बेचा गया है। खास प्रजाति के इस गुच्छे के एक अंगूर का वजन करीब 20 ग्राम होता है। 12 साल पहले अंगूर की इस खास प्रजाति को इशिकावा प्रांत की सरकार ने विकसित किया था।

इन अंगूरों को खासतौर पर अमीरों के फल के तौर जाना जाता है। जापान में इसे रूबी रोमन के नाम से जाना जाता है। यह स्वाद में काफी मीठा और रसभरा होता है, लेकिन इससे थोड़ी एसिडिटी भी होती है। रूबी रोमन जापान के लग्जरी फ्रूट में शामिल है, इसे यहां शुभ अवसरों या बिजनेस के प्रमोशन के दौरान बतौर गिफ्ट दिया जाता है।

नीलामी करने वाले अधिकारी के मुताबिक, इसकी डिमांड अधिक होने के कारण यह गुच्छा काफी महंगी दर पर बेचा गया है। जापान में यह आसानी से उपलब्ध नहीं होता। रूबी रोमन के इस गुच्छे को जापान की एक कंपनी हयाकुराकुसो ने खरीदा है।

नीलामी अधिकारी तकाशी होसोकावा ने बताया कि इस किस्म को इजाद किए 12 साल पूरे हो गए। हम इसी मौके पर सेलिब्रेट करना चाहते थे। इसलिए इसकी नीलामी की गई। फार्मिंग एजेंसी का कहना है कि इस रूबी रोमन अंगूर के 26 हजार गुच्छों को सितंबर तक एक्सपोर्ट किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button