ज्ञान भंडार

स्थानीय निकाय चुनावों में खराब प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे : आनंदीबेन

96295-anandi-ben-patel (1)अहमदाबाद/नई दिल्ली : गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के खराब प्रदर्शन के बाद आज कहा कि राज्य के ग्रामीण इलाकों में पार्टी के खराब प्रदर्शन को लेकर समीक्षा करनी होगी। वहीं स्थानीय निकाय चुनावों में ग्रामीण इलाकों में अच्छा प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस ने दावा किया कि भाजपा सरकार बाहर का रास्ता देखने की तरफ है।

आनंदीबेन ने खानपुर इलाके में भाजपा कार्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्वीकार किया, ‘नगर निगम और नगरपालिका में हमने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन यह भी तथ्य है कि जिला और तालुका पंचायत निकायों के परिणाम अपेक्षा के मुताबिक नहीं हैं।’ 

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘गुजरात में हम कई विकास कार्य कर रहे हैं। हमने पार्टी संगठन को मजबूत करने का भी काम किया है। लेकिन अब भी हमें विश्लेषण करना है कि क्या गलती हुई। हम इन समस्याओं का पता लगाकर उनका समाधान करेंगे।’ 

दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने बयान जारी कर कहा, ‘आज के परिणाम 2017 में कांग्रेस की जीत की निशानी हैं। उनकी (भाजपा सरकार) लोक विरोधी नीतियों के कारण लोगों को काफी खामियाजा भुगतना पड़ा है।’ गुजरात के लोगों का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि ये परिणाम संकेत देते हैं कि गुजरात में भाजपा सरकार बाहर जाने वाली है।

कांग्रेस महासचिव गुरदास कामत ने कहा कि प्रधानमंत्री, भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल, भाजपा प्रमुख अमित शाह और राज्य के गृह मंत्री तथा वित्त मंत्री के प्रतिनिधित्व वाले इलाकों में भाजपा को ‘करारी हार’ का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, ‘राज्य में 2017 के विधानसभा चुनावों में होने वाली चीजों के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण संकेत है।’

 

Related Articles

Back to top button