
चंडीगढ़: हरियाणा में अब निजी विश्वविद्यालय अपनी मर्जी से ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा (डिस्टेंस एजुकेशन) के पाठ्यक्रम शुरू नहीं कर सकेंगे। प्रदेश सरकार ने ऐसे कोर्स के संचालन को लेकर नियमों को और सख्त कर दिया है। नए प्रावधानों के तहत निजी विश्वविद्यालयों के लिए दोहरी मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
सरकार के नए नियमों के अनुसार, किसी भी ऑनलाइन या दूरस्थ शिक्षा पाठ्यक्रम को शुरू करने से पहले निजी विश्वविद्यालयों को सबसे पहले उच्चतर शिक्षा विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना होगा। इसके बाद ही वे विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से संबंधित पाठ्यक्रमों के संचालन की अनुमति लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगे।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल उच्चतर शिक्षा विभाग की एनओसी या यूजीसी की मंजूरी मिल जाने से विश्वविद्यालयों को नए पाठ्यक्रम शुरू करने का अधिकार नहीं मिलेगा। यूजीसी से स्वीकृति मिलने के बाद भी प्रत्येक नए कोर्स के लिए हरियाणा सरकार से अलग से अनुमति लेना जरूरी होगा।
बिना मंजूरी के न विज्ञापन जारी कर सकेंगे, न दाखिले
नए नियमों के तहत बिना सभी आवश्यक मंजूरियां प्राप्त किए कोई भी निजी विश्वविद्यालय ऑनलाइन या डिस्टेंस एजुकेशन कोर्स का विज्ञापन जारी नहीं कर सकेगा और न ही विद्यार्थियों का दाखिला शुरू कर पाएगा।
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जारी एनओसी केवल उसी शिक्षा माध्यम के लिए मान्य होगी, जिसके लिए विश्वविद्यालय ने आवेदन किया है। यानी ऑनलाइन शिक्षा, दूरस्थ शिक्षा या दोनों माध्यमों के लिए विश्वविद्यालयों को अलग-अलग प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
सरकार ने यह भी साफ किया है कि एनओसी को यूजीसी की मान्यता या पाठ्यक्रम संचालन की अंतिम स्वीकृति नहीं माना जाएगा। इसका उद्देश्य केवल विश्वविद्यालयों को यूजीसी के डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो से मंजूरी लेने की प्रक्रिया में आगे बढ़ने की अनुमति देना होगा।
स्टडी सेंटर खोलने पर भी नियम सख्त
सरकार ने निजी विश्वविद्यालयों द्वारा स्टडी सेंटर और लर्नर सपोर्ट सेंटर खोलने को लेकर भी नियम तय किए हैं। एनओसी मिलने के बाद भी विश्वविद्यालयों को प्रदेश के अंदर या बाहर स्टडी सेंटर स्थापित करने का अधिकार नहीं मिलेगा।
दूरस्थ शिक्षा के पाठ्यक्रम केवल विश्वविद्यालय के मुख्यालय और यूजीसी से स्वीकृत ऑफ-कैंपस केंद्रों से ही संचालित किए जा सकेंगे। निजी विश्वविद्यालय अपने लर्नर सपोर्ट सेंटर के माध्यम से डिस्टेंस एजुकेशन कोर्स नहीं चला सकेंगे।
नियम तोड़ने पर वापस हो सकती है एनओसी
सरकार ने चेतावनी दी है कि निर्धारित नियमों और शर्तों का उल्लंघन करने पर उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी एनओसी वापस ली जा सकती है।
प्रदेश सरकार के इस फैसले का उद्देश्य निजी विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा के नाम पर चल रहे पाठ्यक्रमों की निगरानी मजबूत करना है। साथ ही विद्यार्थियों को बिना मान्यता और जरूरी अनुमोदन वाले कोर्स में दाखिला लेने से बचाने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।



