स्पोर्ट्स

हॉकी में जीत, पूजा रानी और सिंधु ने किया निराश, ऐसा रहा भारत के लिए नौवां दिन

टोक्यो: टोक्यो ओलंपिक में अब दूसरा हफ्ता शुरू हो चुका है। नौवें दिन डिस्कस थ्रो में देश की उम्मीदें जगी हैं। महिलाओं की स्पर्धा में कमलप्रीत कौर ने 64 मीटर के स्कोर के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वह ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा हॉकी में भी महिला टीम ने ग्रुप का आखिरी मुकाबला अपने नाम किया और दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हराया।

हालांकि अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया। तीरंदाजी के एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में अतनु दास को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें जापानी खिलाड़ी ने 6-4 से हराया। जबकि मुक्केबाजी में देश की सबसे बड़ी उम्मीद अमित पंघाल भी हारकर बाहर हो गए हैं। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी को कोलम्बियाई मुक्केबाज से शिकस्त झेलनी पड़ी।

सिंधु सेमीफाइनल में हारीं भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की ताई जु यिंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ताई ने सिंधु को 21-18, 21-12 से हराया। पहले गेम में एक वक्त सिंधु 8-4 से आगे थीं। ताई ने वापसी करते हुए मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया। ताई के 20 पॉइंट हो गए, जबकि सिंधु 18 पॉइंट पर थीं। इसके बाद ताई ने पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में सिंधु अपनी लय खोती दिखीं। शुरुआत में मुकाबला 2-2 से बराबरी पर था, जिसे ताई ने 13-7 और फिर 16-8 की लीड लेते हुए अपने पक्ष में कर लिया। ताई के ड्रॉप शॉट्स और डिसेप्शन के सामने सिंधु मजबूत खेल नहीं दिखा पाईं। सिंधु अब 1 अगस्त को कांस्य पदक के लिए चीन की बिंग जिआओ का मुकाबला करेंगी।

बॉक्सिंग में पूजा रानी ने किया निराश उधर, मुक्केबाजी में भारतीय बॉक्सर पूजा रानी (75 किग्रा) को क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चीन की कियान ने 5-0 से हराया। तीनों राउंड में ली को सभी पांच जजों ने 10-10 अंक दिए। पूजा को पहले दो राउंड में सभी जजों से 9-9 अंक मिले। तीसरे राउंड में चार जजों ने पूजा को 9-9 और एक जज ने आठ अंक दिए। इस तरह ली ने यह बाउट 5-0 से अपने नाम किया।

Related Articles

Back to top button