मध्य प्रदेशराज्य

₹20 की पानी की बोतल बनी ₹2.5 लाख की ठगी का जाल! रिफंड के बहाने छात्रा का मोबाइल हैक, निजी फोटो-वीडियो दिखाकर किया ब्लैकमेल

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से पानी की एक बोतल मंगाना कॉलेज छात्रा को लाखों रुपये का नुकसान दे गया। रिफंड दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने छात्रा का मोबाइल हैक कर लिया और उसके निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब 2.5 लाख रुपये वसूल लिए।

रिफंड के नाम पर रचा गया पूरा जाल

मामला इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित छात्रा ने कुछ दिन पहले एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पानी की बोतल का ऑर्डर किया था। ऑर्डर के बाद उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि ऑर्डर की राशि वापस की जानी है और इसके लिए कुछ प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

एक क्लिक में मोबाइल हुआ हैक

ठगों ने छात्रा को रिफंड प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने एक यूपीआई लिंक भेजा। छात्रा ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, आरोपियों को उसके मोबाइल का रिमोट एक्सेस मिल गया। इसके बाद मोबाइल में मौजूद निजी डेटा, तस्वीरें और वीडियो ठगों के कब्जे में पहुंच गए।

निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी

मोबाइल का डेटा हासिल करने के बाद साइबर अपराधियों ने छात्रा को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। बदनामी के डर से छात्रा लगातार उनके बताए खातों में अलग-अलग किस्तों में रकम भेजती रही।

कॉलेज फीस जमा करने पहुंची तो खुला राज

पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब छात्रा कॉलेज की फीस जमा करने के लिए बैंक पहुंची। खाते की जांच के दौरान उसे पता चला कि उसके अकाउंट से करीब ढाई लाख रुपये निकल चुके हैं। इसके बाद छात्रा को ठगी का एहसास हुआ। उसने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज

एडिशनल डीसीपी (जोन-2) अमरेंद्र सिंह के अनुसार छात्रा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की टीम उन मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शनों की जांच कर रही है, जिनके माध्यम से रकम ट्रांसफर की गई।

पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से रिफंड या कैशबैक प्राप्त करने के लिए कभी भी पिन दर्ज करने या संदिग्ध लिंक खोलने की आवश्यकता नहीं होती। ऐसे कॉल, संदेश या लिंक मिलने पर तुरंत सतर्क रहें और संबंधित साइबर हेल्पलाइन या साइबर सेल को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button