National News - राष्ट्रीय

14 लोगों को अपना शिकार बना चुकी आदमखोर बाघिन अवनी को मार गिराया

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में आतंक का पर्याय बन चुकी आदमखोर बाघिन अवनी को मार गिराया गया है। यह बाघिन अब तक 14 लोगों को अपना शिकार बना चुकी थी। शुक्रवार की रात वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद यवतमाल में इस बाघिन को मार गिराया। 5 वर्षीय इस बाघिन को टी-1 के नाम से भी जाना जाता था। वहीं, इस आदमखोर बाघिन के मारे जाने की सूचना मिलते ही यवतमाल के स्थानीय लोगों में जश्न का माहौल बन गया है। लोग पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मना रहे हैं।

बता दें कि यवतमाल जिले में इस बाघिन को पकड़ने के लिए वन विभाग के अधिकारियों समेत कुल 200 लोगों की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इस ऑपरेशन में 4 हाथियों और वन्यजीव पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की एक टीम को भी लगाया गया था।

जानकारी के मुताबिक, 1 जून, 2016 से अब तक इस बाघिन ने 14 लोगों की जान ली थी। इसके अलावा इसने कई घोड़ों और गायों को भी अपना शिकार बनाया था। इसी साल 29 जनवरी को बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने इस मामले में सुनवाई करते हुए बाघिन टी-1 को गोली मारने के आदेश पर रोक लगा दी थी। लेकिन कुछ ही महीनों बाद उसने फिर दो लोगों को मार दिया, जिसके बाद उसे गोली मारने का आदेश जारी किया गया।

इस बाघिन को मारने का काम हैदराबाद के शॉर्प शूटर नवाब शफथ अली खान को सौंपा गया था। इसी बीच आदेश को चुनौती भी दी गई और वन्य जीव कार्यकर्ता अजय दुबे और सिमारात संधु ने हाईकोर्ट में दया याचिका दायर की। हालांकि कोर्ट ने इस बाघिन को इंसानों के लिए खतरा बताया और यह फैसला वन विभाग के ऊपर छोड़ दिया कि इस आदमखोर बाघिन को ट्रैंक्युलाइज (बेहोश) किया जाए या गोली मार दी जाए।

Related Articles

Back to top button