National News - राष्ट्रीयअजब-गजब
19 अक्तूबर को कुछ देर के लिये खो जायेगी चंद्रमा की चमक

इंदौर: सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा की ‘त्रिमूर्ति’ की विशेष स्थिति 19 अक्तूबर को उपच्छाया चंद्रग्रहण का अद्भुत नजारा दिखायेगी। इस खगोलीय घटना के वक्त शरद पूर्णिमा का ढलता चंद्रमा पूरा तो नजर आयेगा, लेकिन उसकी तेज चमक कुछ देर के लिये खो जायेगी और इस दौरान पृथ्वी का उपग्रह धुंधला दिखायी देगा। उज्जैन की प्रतिष्ठित जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्रप्रकाश गुप्त ने आज बताया कि भारतीय मानक समय के मुताबिक उपच्छाया चंद्रग्रहण की शुरूआत 19 अक्तूबर को तड़के 03:18 बजे होगी और यह इस तारीख की सुबह 07:22 बजे समाप्त हो जायेगा। इस तरह सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा की दिलचस्प भूमिका वाला खगोलीय घटनाक्रम करीब चार घंटे तक चलेगा।