बंगाल बोर्ड 12वीं के नतीजे घोषित, छात्राओं ने मारी बाजी; मुख्यमंत्री ने दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

कोलकाता: पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस साल भी छात्राओं का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा और उन्होंने पास प्रतिशत के मामले में बाजी मारी।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर विद्यार्थियों के लिए संदेश जारी करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें जीवन में और बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देगी।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, “मैं उन सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देता हूं जिन्होंने हायर सेकेंडरी परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। आपकी मेहनत आज सफलता के रूप में सामने आई है। मैं आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और आशा करता हूं कि आप जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।”
छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष छात्राओं का पास प्रतिशत 92.47 फीसदी दर्ज किया गया, जो लड़कों की तुलना में अधिक है। परिषद के अनुसार, करीब 3.53 लाख छात्राओं ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 3.46 लाख छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं। इनमें लगभग 3.20 लाख छात्राएं सफल घोषित की गईं।
91.23 फीसदी रहा कुल रिजल्ट
इस साल पश्चिम बंगाल बोर्ड 12वीं परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 91.23 फीसदी रहा। बोर्ड के मुताबिक, करीब 6.35 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि 6.26 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।
आंकड़ों के अनुसार, कुल 5.71 लाख विद्यार्थियों ने इस बार उच्च माध्यमिक परीक्षा सफलतापूर्वक पास की है।
फरवरी में हुई थीं परीक्षाएं
पश्चिम बंगाल बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं इस साल 12 फरवरी से 27 फरवरी के बीच आयोजित की गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही छात्र-छात्राओं को रिजल्ट का इंतजार था, जो अब खत्म हो गया है।
रिजल्ट जारी होने के बाद राज्यभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच खुशी का माहौल देखा गया। कई स्कूलों में सफल विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और शिक्षकों ने भी छात्रों की मेहनत की सराहना की।



