उत्तर प्रदेशउत्तराखंडटॉप न्यूज़दिल्लीफीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यराष्ट्रीयलखनऊ

1988 बैच के IAS अफसर सुखवीर सिंह संधू बने उत्तराखंड के नए मुख्य सचिव, केंद्र ने किया रिलीव

नई दिल्ली, 05 जुलाई 2021 (दस्तक टाइम्स) : सूबे में मुख्यमंत्री बदलने के बाद अब नौकरशाही में भी बड़े बदलाव होने के संकेत हैं। राज्य के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके संकेत दिए हैं। जिसके तहत उत्तराखंड के वर्तमान मुख्य सचिव ओमप्रकाश को बदल दिया गया है। इनकी जगह अब सुखवीर सिंह संधू उत्तराखंड के नए मुख्य सचिव होंगे। इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। उन्हें आज केंद्र से कार्यमुक्त कर दिया गया है। संधू के रिलीविंग लेटर में लिखा है कि उन्हें उनके मूल कैडर उत्तराखंड भेजा जा रहा है। सुखवीर सिंह संधू 1988 बैच के आईएएस हैं। वह मूल रूप से उत्तराखंड कैडर के अफसर हैं। संधू उत्तराखंड सरकार में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। संधू इस समय केंद्र में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के चेयरमैन हैं। 2019 में उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का दायित्व सौंपा गया था।

पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए पुष्कर सिंह धामी ने बीते रविवार को उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन में आयोजित शपथग्रहण समारोह में धामी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। धामी के अलावा राज्यपाल ने 11 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। धामी की कैबिनेट में सभी पुराने चेहरों को दोहराया गया। तीरथ मंत्रिमंडल में रहे तीन राज्यमंत्रियों डॉ. धनसिंह रावत, रेखा आर्य व यतीश्वरानंद का दर्जा बढ़ाकर उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। वहीं, समारोह में दिन भर वरिष्ठ मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य और बिशन सिंह चुफाल की नाराजगी की चर्चा रही, मगर इन सभी के मंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही अंसतोष और नाराजगी की अटकलों पर विराम लग गया।

Related Articles

Back to top button