
3446 युवाओं का सरकारी नौकरी का सपना हुआ पूरा! प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी भर्ती का रिजल्ट जारी, जल्द मिलेगी नियुक्ति
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने कुल 3446 अभ्यर्थियों का चयन किया है, जिन्हें रिक्त पदों के अनुसार विभिन्न जनपदों में नियुक्ति दी जाएगी।
यह भर्ती परीक्षा 13 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थी। लंबे इंतजार के बाद आयोग ने 23 जून को इसका परिणाम जारी कर दिया। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया कृषि विभाग के माध्यम से पूरी की जाएगी। कृषि निदेशक रिक्त पदों के अनुरूप जिलों में अभ्यर्थियों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे।
वर्गवार चयनित अभ्यर्थियों का विवरण
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि चयनित उम्मीदवारों में सामान्य वर्ग के 1813, अनुसूचित जाति वर्ग के 509, अनुसूचित जनजाति वर्ग के 151, अन्य पिछड़ा वर्ग के 629 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 344 अभ्यर्थी शामिल हैं। उन्होंने इसे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
कृषि विभाग को मिलेगा फील्ड स्तर पर बड़ा मजबूती
कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह भर्ती लंबे समय से लंबित थी, जिसके पूरा होने से विभागीय कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि फील्ड स्तर पर कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ने से कृषि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव होगा और किसानों तक सरकारी सुविधाएं अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच सकेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में कृषि विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। नई नियुक्तियों से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
परिणाम घोषित होने के बाद प्रमुख सचिव (कृषि) रविंद्र, कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।



