
पोस्टर प्रतियोगिता में ख़ुशी रहीं अव्वल, पूजा को दूसरा स्थान
प्राथमिक विद्यालय हिमायूंपुर में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित
प्रतियोगिता के जरिए बच्चों को दिए डायरिया से बचाव के टिप्स
फिरोजाबाद : नगरीय क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हिमायूंपुर में शुक्रवार को पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गयी। प्रतियोगिता में कक्षा-पांच तक के 35 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कक्षा-पांच की ख़ुशी ने पहला, कक्षा-पांच की पूजा ने दूसरा और कक्षा-पांच की ही पूनम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कक्षा-तीन की अन्नू को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यु के सहयोग से “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को डायरिया की शीघ्र पहचान, बचाव और उपचार के बारे में जरूरी टिप्स दिए गए।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य रजनी ने बच्चों को सेहतमंद रहने के फायदे और बीमारियों से बचने के जरूरी उपाय भी बताये। उन्होंने कहा कि डायरिया समेत कई अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रहने के लिए हाथों की स्वच्छता का खास ख्याल रखा जाए, क्योंकि दूषित हाथों से खाना खाने या नाक-आँख को छूने से संक्रामक बीमारियों की चपेट में आने की पूरी आशंका बनी रहती है। हाथों को सही तरीके से धुलने के प्रमुख छह चरणों के बारे में भी बताया गया। इसके अलावा यह भी बताया गया कि खाना बनाने, खाना खाने से पहले और शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह से अवश्य धुलें। घर का बना शुद्ध और ताजा भोजन ही ग्रहण करें और स्वच्छ जल ही पियें।

पीएसआई इंडिया के राजेश कुमार प्रजापति ने डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि बच्चे को दस्त की शिकायत हो तो तुरन्त ओआरएस का घोल एवं जिंक देना शुरू करना चाहिए क्योंकि ओआरएस शरीर में पानी की कमी को रोकता है। इस मौके पर सहायक अध्यापिका नीलम शर्मा, पिंकी, सुजाता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विमलेश उपाध्याय, पीएसआई इंडिया से कैफुल हसन आदि उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि स्कूली बच्चों में डायरिया के प्रति जागरूकता की अलख जगाने के उद्देश्य से शुरू की गयी इस तरह की प्रतियोगिताएँ अब तक जनपद के कंपोजिट स्कूल शंकरपुर, पीएम श्री विद्यालय जाजपुर, पीएम श्री विद्यालय मद्वाली और कंपोजिट स्कूल उसायनी में आयोजित की जा चुकी हैं।



