अपराधउत्तर प्रदेशमेरठराज्य

सोनी की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय इरानी गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

गुलाब का फूल मंगवाने, दुआ करने एवं मन की बात बताने जैसे पूर्व नियोजित क्रियाकलापों के माध्यम से पीड़ित का विश्वास प्राप्त करते थे

मेरठ। मेरठ के थाना देहली गेट पुलिस एवं स्वाट टीम नगर ने सर्राफा बाजार में 32 ग्राम सोने की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय इरानी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये के इनाम घोषित थे। कब्जे से करीब 27 ग्राम सोना एवं 3,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
धनतेरस के मौके पर थाना देहली गेट क्षेत्रान्तर्गत सर्राफा बाजार में अंतर्राज्यीय इरानी गिरोह के सदस्यों द्वारा धार्मिक आस्था एवं विश्वास का सहारा लेकर एक स्वर्ण आभूषण कारीगर से धोखाधड़ी कर करीब 32 ग्राम सोना ठग लिया था।
25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित
घटना के संबंध में बगबुल इस्लाम उर्फ बबलू पुत्र शेख हबीबर रहमान की तहरीर के आधार पर थाना देहली गेट पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इस संबंध में थाना देहली गेट पुलिस एवं स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आज अंतर्राज्यीय इरानी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार सदस्यों में सरवर अली, सज्जाद अली उर्फ सज्जू, मुजाहिद अली उर्फ इमरान एवं मोहम्मद सादिक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
ऐसे देते थे घटना को अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह के सदस्य योजनाबद्ध तरीके से सर्राफा बाजार में जाकर धार्मिक आस्था का सहारा लेकर लोगों को अपने विश्वास में लेते थे। गिरोह का एक सदस्य स्वयं को ख्वाजा गरीब नवाज का मुरीद अथवा खादिम का पुत्र बताकर धार्मिक व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करता था, जबकि अन्य सदस्य पहले से तय योजना के अनुसार अनजान व्यक्तियों की भूमिका निभाते थे।
पीड़ित का विश्वास प्राप्त करते थे
अभियुक्तगण पहले गुलाब का फूल मंगवाने, दुआ करने एवं मन की बात बताने जैसे पूर्व नियोजित क्रियाकलापों के माध्यम से पीड़ित का विश्वास प्राप्त करते थे। इसके बाद धार्मिक दीदार कराने के बहाने पीड़ित को अपनी सोने की सामग्री किसी अन्य सदस्य के पास रखकर कुछ दूरी तक जाने के लिए प्रेरित करते थे। पीड़ित के दूर जाते ही गिरोह के सभी सदस्य सोना लेकर मौके से फरार हो जाते थे। इसी तरीके से अभियुक्तगण द्वारा सर्राफा बाजार में उक्त ठगी की घटना कारित की गई थी।

Related Articles

Back to top button