उत्तर प्रदेशराज्य

जयपुर से शव लेकर बंगाल जा रही एंबुलेंस का बाराबंकी में भीषण हादसा! पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पिकअप से टक्कर, दो ड्राइवर समेत 5 की मौत

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई। एंबुलेंस जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी। सुबह करीब 6:30 बजे सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।

शव के साथ परिवार के तीन सदस्य और दो चालक थे सवार

जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में अजीजुल हक नाम के व्यक्ति का शव रखा था, जिसे पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। शव के साथ परिवार के तीन सदस्य और एंबुलेंस के दो चालक भी मौजूद थे। हादसे में जान गंवाने वालों में रफीकुल हक और अमीनुल हक की पहचान हुई है। दोनों एंबुलेंस चालकों की भी मौत हो गई। वहीं, पांचवें मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की राहत टीम मौके पर पहुंची। बचाव कार्य के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button