उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

350 सीटें जीतने की भविष्यवाणी बेहद हास्यास्पद कथन: चन्द्रमोहन

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही सरकार के अच्छे कार्यों से समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बेहद हताशा में हैं। इनकी हताशा इस कदर बढ़ गई है कि ये अब लोगों को हाथ की लकीरें दिखाते फिर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चन्द्रमोहन ने मंगलवार को कहा कि हमारे अखिलेश यादव जी का यह कहना कि उनकी हाथ की लकीरें देखकर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में 350 सीटें जीतने की भविष्यवाणी की गई है, यह बेहद हास्यास्पद कथन है। यह साबित करता है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं को दिलासा देने के लिए हाथ की लकीरों का सहारा ले रहे हैं। उन्हें इस बात का आभास नहीं है कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने किस कदर अपना पसीना बहाकर जनता की देखभाल की थी। इसी का नतीजा था कि भाजपा ने प्रदेश में तीन सौ से अधिक सीटें जीती थीं।

भाजपा प्रवक्ता डॉ. चन्द्रमोहन ने कहा कि श्री यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी की सरकार के प्रति जनता की नाराजगी अभी तक बनी हुई है यही वजह है कि इस पार्टी के कार्यकर्ताओं को हमेशा जनता के बीच जाने में भय सताता रहता है। दूसरी ओर भाजपा सरकार के अच्छे कार्यों से जनता के बीच एक सकारात्मक माहौल बना है। इससे बेहद डरे अखिलेश यादव अब हिंदू-मुसलमान के बीच दुराव पैदा कर केवल गंदी राजनीति पर उतर आए हैं। उनका कहना कि रामपुर से सपा सांसद आजम खान को मुसलमान होने की वजह से भाजपा सरकार प्रताड़ित कर रही है, सपा की मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति का जीता जागता उदाहरण है।

प्रवक्ता डॉ. चन्द्रमोहन ने कहा कि हालांकि प्रदेश की जनता को श्री यादव की समाज को बांटने वाली राजनीति की पूरी तरह से पहचान हो चुकी है। यही वजह है कि जनता ने अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा को 2014, 2017 व 2019 चुनाव दर चुनाव बुरी हार दी है। हार को भूलकर अखिलेश अब अपनी हाथ की लकीरों का जिक्र कर सपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश में दोबारा सत्ता पाने का सब्जबाग दिखा रहे हैं, यह केवल उनका लड़कपन ही है। इसके बूते सत्ता में वापसी का केवल सपना ही देखा जा सकता है। असलियत में तो सपा को अगले विधानसभा चुनाव में और बुरी हार मिलने वाली है।

Related Articles

Back to top button