मध्य प्रदेशराज्य

तेज रफ्तार XUV ट्रक में पीछे से घुसी, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; जन्मदिन से लौटते वक्त मचा कोहराम

मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास तेज रफ्तार एक्सयूवी कार सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह युवक अंदर ही फंस गए।

जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी युवक किसी रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। देर रात रिगरा गांव के पास पहुंचते ही उनकी एक्सयूवी सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी अधिक थी। इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एक्सयूवी सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया, जिससे सभी सवार वाहन के अंदर फंस गए।

रेस्क्यू के लिए कई एजेंसियां मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा 1033 मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से लंबे समय तक राहत और बचाव अभियान चलाया गया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

रेस्क्यू के दौरान सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांच युवकों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पसरा मातम

जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक मैहर से कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे मनीष पटेल के परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के पांच लोगों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलते ही रिश्तेदार, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

मैहर अस्पताल की मर्चुरी में रखे गए शव

हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवकों के शवों को 108 एंबुलेंस और हाईवे एंबुलेंस 1033 की सहायता से सिविल अस्पताल मैहर की मर्चुरी में रखवाया गया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। देर रात से ही अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

Related Articles

Back to top button