पंचायत उपचुनाव में 56.62% मतदान, सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 75.96% वोटिंग; 3 अक्टूबर को आएगा नतीजा

भोपाल: नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 के पूर्वार्ध के घोषित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को मतदान संपन्न हुआ। जिला आगर-मालवा की नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के लिए 75.96 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, पंचायत उप निर्वाचन में कुल 56.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
3 अक्टूबर को होगी सुसनेर नगर परिषद की मतगणना
नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के लिए मतगणना 3 अक्टूबर 2026 को होगी। इसी दिन पंचायत उप निर्वाचन के तहत सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से मतगणना शुरू की जाएगी।
मतगणना की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसी दिन सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
5 अक्टूबर को घोषित होंगे जिला पंचायत और पंच पदों के परिणाम
जिला पंचायत सदस्य और पंच पद के निर्वाचन परिणामों की घोषणा 5 अक्टूबर 2026 को की जाएगी। इसके लिए सुबह 10:30 बजे से परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इतने पदों पर हुआ उप निर्वाचन
पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिला पंचायत सदस्य के 7 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 28 पद, सरपंच के 110 पद और पंच के 4090 पदों के लिए उप निर्वाचन होना था। इन पदों के लिए 29 सितंबर को मतदान कराया गया।



