हिमाचल प्रदेश

सेब तोड़ते समय टूटी पेड़ की टहनी, 62 वर्षीय व्यक्ति जमीन पर गिरा; अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

शिमला: जिले के कुमारसैन उपमंडल के जबलपुर (जरोल) गांव में सेब तोड़ते समय पेड़ से गिरने के कारण 62 वर्षीय जीवानंद की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

हादसा सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार जीवानंद अपने बेटे अजय के साथ बगीचे में सेब तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक टहनी टूट गई और वह सीधे जमीन पर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के तुरंत बाद परिजन जीवानंद को एंबुलेंस से कोटगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

परिजनों ने जीवानंद की मौत को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं जताया है। कुमारसैन अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने वीएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button