
बहराइच में 8 साल की बच्ची की गला घोंटकर हत्या, पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में आठ वर्षीय बच्ची की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। खैरीघाट थाना क्षेत्र के मथुरा गांव में कक्षा तीन की छात्रा की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस हिरासत से फरार होकर नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक 15 मई की रात बच्ची अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन 16 मई को बच्ची का शव घर के पास मक्के के खेत से बरामद हुआ।
पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची के गले पर चोट के निशान मिले थे, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान गांव के ही रहने वाले अरुण कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोपी रिश्ते में बच्ची का चाचा बताया जा रहा है।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने घटना के समय पहने गए कपड़े छिपाने की जानकारी दी थी। साक्ष्य बरामद करने के लिए पुलिस उसे अलीनगर गांव लेकर गई, लेकिन इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
मुठभेड़ के बाद दबोचा गया आरोपी
पुलिस ने देर रात इमामगंज बंधे के पास सोहबतिया मोड़ पर आरोपी को घेर लिया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को शिवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया है।
पुरानी रंजिश की भी जांच
पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन कुमार ने बताया कि आरोपी मृत बच्ची का पट्टीदारी का चाचा लगता है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक बच्ची के पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं और बच्ची गांव के ही स्कूल में पढ़ाई करती थी।



