
व्यापारी करता रहा मिन्नतें बदमाशों ने पूरे परिवार को गोली से उड़ाया, दो बेटों की मौत
चांदा के हनुमान नगर मोहल्ले में पहुंचे तीन बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने हार्डवेयर व्यवसायी से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी। व्यवसायी के मना करने पर बदमाशों ने उसके दो पुत्रों व पत्नी को गोली मार दी।चांदा कोतवाली क्षेत्र के टाउन एरिया कोइरीपुर के हनुमान नगर मोहल्ले में हार्डवेयर व्यवसायी मदनलाल का मकान है। मकान में ही आगे के हिस्से में वे दुकान करते हैं। मंगलवार दोपहर बाद करीब साढे़ तीन बजे तीन बाइकों पर सवार छह युवक मुंह को गमछे से ढक कर दुकान पर पहुंच गए।
मदनलाल ने कहा कि वह इतनी जल्दी पांच लाख रुपये नहीं दे सकता। इस बीच मदनलाल को कब्जे में लेकर बदमाश दुकान से होते हुए घर में पहुंच गए। मदनलाल का बड़ा बेटा श्रवण कुमार (30), छोटा बेटा पवन (28) और पत्नी श्यामा देवी (50) भी वहां पहुंच गई।
बदमाशों ने श्रवण और पवन को लोहे की सरिया से पीटने के बाद फिर एक बार मदनलाल से पांच लाख रुपये मांगे। मदनलाल बदमाशों के सामने मिन्नतें करते रहे कि अभी पांच लाख रुपये नहीं हैं। इस पर बदमाशों ने श्रवण व पवन के सीने में, जबकि श्यामा देवी के पेट में गोली मार दी।



