बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं की हत्याएं जारी

एजेंसी/ पभन्ना : बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं की हत्याएं की जा रही है। शुक्रवार को भी एक आश्रम के हिंदू कर्मचारी नित्यारंजन पांडे की हत्या कर दी गई। घटना पभन्ना शहर के हेमायतपुर की है। 60 साल के पांडे की हत्या मॉर्निंग वॉक के दौरान की गई।
अब तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पांडे बीते 40 वर्षो से ठाकुर अनुकूल चंद्रा सत्संग परतीर्थ हेमायतपुरधाम आश्रम में काम कर रहे थे। उन्हें सुबह 6.15 बजे मॉर्निंग वॉक के दौरान निशाना बना गया। आश्रम से 200 यार्ड की दूरी पर पभना मेंटल हॉस्पिटल के मेन गेट कुछ हमलावरों ने उन पर हमला किया।
सदर सर्कल के एसपी सलीम खान ने बताया कि हमलावरों से जुड़ी कोई जानकारी अब तक नहीं मिली है। हालिया महीनों में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, धर्म निरपेक्ष ब्लॉगरों, बुद्धिजीवियों और विदेशियों पर हमले की घटनाएं बढ़ी हैं। रविवार को भी चर्च के सामने हमलावरों ने एक इसाई बिजनेसमैन पर हमला करके उसे मार डाला।
इसके कुछ ही घंटो बाद आतंकवाद निरोधक एक पुलिस अधिकारी की पत्नी को धार्मिक चरमपंथियों ने गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। अप्रैल में आईएसआईएस के उग्रवादियों ने एक उदारवादी प्रोफेसर का राजशाही शहर में स्थित उनके आवास में उनका गला काट कर उनकी नृशंस हत्या कर दी थी। एक हिंदु पुजारी की भी मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी।



