ज्ञान भंडार
हंदवाड़ा हमला: आतंकी हमले के सबूत जुटाने आज कश्मीर पहुंचेगी NIA की टीम

हंदवाड़ा में हुए आतंकी हमले के सबूत जुटाने आज राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनआईए) के अधिकारी श्रीनगर पहुंचेंगे । एनआईए की ये टीम हंदवाड़ा में आतंकी हमले की जगह जाकर हमले की साजिश के सबूत जुटाएगी । सूत्रों के मुताबिक एनआईए के अधिकारी शुक्रवार को दिल्ली से यहां पहुंचेंगे ।इस टीम में 10 से 12 अधिकारियों के आने की संभावना जताई जा रही है ।एनआईए के अधिकारी मौके पर जाकर आतंकियों से बरामद सामानों की पड़ताल करेंगे । एनआईए आतंकियों के ब्लड सैंपल और डीएनए के नमूने भी ले सकती है जिससे इनकी पहचान का पता किया जा सके ।
गौरतलब है कि हंदवाड़ा के लंगेट सेक्टर में कल फिदायीन आतंकियोें ने सेना की 30 राष्ट्रीय राइफल्स के कैंप पर हमला किया था । सेना की चौकसी से ये हमला नाकाम हो गया और जवानों ने हमले की जवाबी कार्रवाई में 3 आतंकियों को मौके पर मार गिराया था । सेना को हमले की जगह पर सर्च ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान में बने सामानों समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे ।
