उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी में सांप्रदायिक विवाद बढ़े- बुलंदशहर में मस्जिदों पर बीजेपी का झंडा

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनने के बाद सांप्रदायिक विवाद बढ़ने लगे हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं। बुलंदशहर में एक मस्जिद में भाजपा का झंडा फहराया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, 14 मार्च यानी नतीजे आने की अगली रात को करीब 9.30 बजे कुछ लोगों ने इलाके में एक जुलूस निकाला।

यूपी में सांप्रदायिक विवाद बढ़े- बुलंदशहर में मस्जिदों पर बीजेपी का झंडा

उस जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने ही रास्ते में पड़ी मस्जिद की छत पर चढ़कर भाजपा का झंडा लगा दिया। बुलंदशहर में ही एक और जगह पर झंडा फहराने की बात सामने आई है। अगली घटना मेरठ की बताई जा रही है। वहां पर गुरुवार (16 मार्च) को टोपी को लेकर विवाद हो गया। खबरों के मुताबिक, वहां एक सब्जी बेचने वाला शख्स टोपी पहनकर आया हुआ था। इसपर बाइक सवार कुछ लोगों ने उसकी टोपी उतरवा दी। जब सब्जी वाले ने टोपी दोबारा पहनी तो उसको पीटा गया।

इसके अलावा मुजफ्फरनगर जो कि हिंसा की घटनाओं को लेकर पहले भी चर्चा में रहा है वहां भी भाजपा सरकार बनने के बाद छोटी-छोटी बातों पर विवाद बढ़ने लगा है। खबरों के मुताबिक, एक विवाद किसी पुरानी दुश्मनी को लेकर हुआ। वहीं दूसरा विवाद तो सिर्फ खिड़की लगाने की वजह से हो गया।

यूपी में भारतीय जनता पार्टी को 312 सीटों पर जीत मिली। वहीं सपा-कांग्रेस के गठबंधन को 54 सीटों के साथ संतोष करना पड़ा। भाजपा की यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि उसकी तरफ से एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया गया था। बावजूद इसके पार्टी देवबंद जैसे मुस्लिम बहुल कई इलाकों में भी जीत गई।

इस जीत पर भाजपा नेताओं की तरफ से कहा जाता रहा है कि मुस्लिम महिलाओं ने बीजेपी को जिताया है। इसके पीछे ‘तीन तलाक’ पर सरकार का जो रुख है उसको बताया जा रहा है। केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में तीन तलाक-बहुविवाह जैसे प्रथाओं के प्रति अपना विरोध जता चुकी है।

Related Articles

Back to top button