टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

कई राज्यों में बारिश बरपा रही कहर, मणिपुर में भूस्खलन से 21 की मौत


नई दिल्ली : मानसून देश पर छाया हुआ है और लगातार हो रही बारिश के कारण इसका रूप भयावह होता जा रहा है। केवल मुंबई ही इस भारी बारिश से प्रभावित नहीं है बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी हालात ठीक नहीं है। महाराष्ट्र के अलावा गुजरात, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मणिपुर में भी आलम कुछ ऐसे ही हैं। वहीँ मणिपुर में तो लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन में 21 की मौत हो गई और कई घरों को नुकसान पहुंचा है। मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। उधर, उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिथौरागढ़ में मंगलवार की रात तल्लाजोहार क्षेत्र में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। नाचनी में उफनाई रामगंगा नदी में बागेश्वर को जोड़ने वाला 70 मीटर स्पान का झूलापुल बह गया है वहीं पुल के पास खड़ी जेसीबी सहित दो वाहन भी बह गए। इंदिरानागर इलाके में कच्चा मकान बारिश के चलते धराशायी हो गया जिसमें दंपती समेत 4 की मौत हो गई जबकि उफनती नदी में एक शख्स बह गया। बागेश्वर में भी बारिश से हाल बेहाल हैं और नदियां उफान पर हैं। रात से हो रही बारिश से अधिकांश नदियां उफान पर हैं इस कारण नदी किनारे रहने वालों ने अपने मकान खाली कर सुरक्षित जगहें तलाश ली है। राम गंगा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। मुनस्यारी थल सहित क्षेत्र के सभी मार्ग बंद गढ़वाल मंडल में रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, देहरादून, नई टिहरी, गोपेश्वर में भी बारिश हो रही है।

मसूरी मार्ग सुबह से ही बाधित, वाहनों के कतार लगी। दूसरी ओर गुजरात में भी बारिश के कारण हालात मुंबई की तरह हो गए हैं। राज्य के नवसारी, अमरेली, जामनागर के अलावा कई शहरों में भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। राज्य की कई नदियां उफान पर हैं। नवसारी और अमरेली में आलम यह है कि शहर की सड़कें तालाब बन गई हैं और घरों में पानी घुस गया है। हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश के कारण हालत खराब हैं। शिमला में एक बड़ा पेड़ मकान पर गिर जाने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 7 दिनों तक लगातार बारिश का अनुमान जताया है।

Related Articles

Back to top button