रूठी गर्लफ्रेंड को मनाने के लिए युवक ने लगाए 300 से अधिक बैनर और होर्डिंग, पीछे पड़ गई पुलिस


पुणे : महाराष्ट्र में पिंपरी चिंचवड़ में एक व्यक्ति ने अपनी गर्लफ्रेंड को परोक्ष रूप से झगड़े के बाद मनाने के लिए 300 से अधिक बैनर और होर्डिंग लगा दिए। पिंपरी चिंचवड क्षेत्र के निवासी जब शुक्रवार की सुबह उठे तो उन्होंने ऐसे कई पोस्टर लगे देखे जिन पर मोटे अक्षरों में लिखा था, ‘(लड़की का नाम), मैं माफी मांगता हूं’ और उसके बगल में दिल का निशान भी बना था। ऐसे पोस्टर विशेष तौर पर मुख्य चौराहों पर लगे थे। हालांकि इसको लेकर 25 वर्षीय स्थानीय व्यापारी निलेश खेदकर मुश्किल में फंस सकता है, क्योंकि वकड पुलिस ने पिंपरी चिंचवड नगर निगम से सम्पर्क करके उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है।
अवैध होर्डिंग और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले नगर निगम ही देखता है। वकड पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि कल होर्डिंग के बारे में सूचना मिलने के बाद मामले में जांच शुरू कर दी गई थी। अधिकारी ने कहा, हम उस व्यक्ति के मित्र विलास शिंदे तक पहुंचे जिसने खेदकर की फ्लेक्स होर्डिंग के मुद्रण में मदद की थी, हमने उस खेदकर का भी पता लगा लिया, जिसका दिमाग इसके पीछे था। अधिकारी ने बताया कि उसने शिंदे ने बताया कि खेदकर माफी मांगना चाहता था और अपनी महिला मित्र से झगड़े के बाद सुलह करना चाहता था।



