राष्ट्रीय

मध्य प्रदेश के इंदौर में खतरनाक ड्रग बरामद, 50 लाख लोगों की मिनटों में जा सकती थी जान


भोपाल : मध्य प्रदेश के इंदौर की अवैध प्रयोगशाला में ऐसा जहर बन रहा था, जो तकरीबन 50 लाख लोगों की पलों में जान ले सकता था। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू (डीआएआई) के सप्ताह भर चले अभियान में फेंटानिल नामक केमिकल बरामद हुआ है। इसके बाद से वैज्ञानिक ये सोचने पर मजबूर हैं कि क्या ये किसी केमिकल युद्ध की तैयारी थी! इसे सुनकर लगता है कि वीकेंड पर हॉलीवुड की साइंस-फिक्शन देख रहे हैं। एक हारे हुए देश ने बदले की आग में जलते हुए दुश्मन देश को नेस्तनाबूद करने की ठान रखी है। मैदानी जंग में जीत नहीं सका तो केमिकल युद्द ही सही। कुछ विषाणु वहां की मिट्टी में मिला दिए गए और खेल खत्म…। सात समुंदर पार बनी ये फिल्म देश में हकीकत की शक्ल लेने जा रही थी। इंदौर में एक प्रयोगशाला से एक घातक सिंथेटिक ओपियॉड पकड़ा गया। लगभग 9 किलोग्राम फेंटानिल 50 लाख लोगों की मिनटों में जान ले सकता था। डीआएआई और डिफेंस रिसर्च और डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट की हफ्ते भर चली संयुक्त कोशिश से ये छापामारी हो सकी। घनी आबादी वाले शहर की एक स्थानीय लैब में बनाए जा रहे फेंटानिल की ताकत का अंदाजा इतने भर से लगाया जा सकता है कि ये हेरोइन से भी 50 गुना ज्यादा खतरनाक है, यहां तक कि इसे केवल कुछ सेकंड्स सूंघना भी स्वस्थ से स्वस्थ इंसान को मौत के मुंह में ले जा सकता है। फिलहाल इस केमिकल का इस्तेमाल अस्पताल में ऑपरेशन के बाद का असहनीय दर्द दूर करने और शरीर को सुन्न करने के लिए किया जाता रहा है। छापे में पता चला कि स्थानीय बिजनेसमैन और ‘यूएस-हेटिंग’ पीएचडी शोधार्थी द्वारा ये लैब चलाया जा रहा था। साथ में एक मैक्सिकन नागरिक को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल जांच और पूछताछ चल रही है, ताकि अवैध तौर पर भारी मात्रा में इतना जहरीला केमिकल बनाने का मकसद का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button