उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन सतर्क, कई शहरों में दो दिनों के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद

लखनऊ : नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रदेश के कई जिलों में जुमे की नमाज के बाद शुक्रवार को हिंसा होने की आशंका को लेकर शासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस की नजर जुमे की नमाज में एकत्र होने वाली भीड़ पर है। इसको लेकर कई जिलों में अलर्ट जारी हो गया है। आगरा सहित आधा दर्जन कई जिलों में गुरुवार को शाम सात बजे से शुक्रवार तक मोबाइल इंटरनेट को बंद रखा जाएगा। लखनऊ व कानपुर के साथ मेरठ, बिजनौर, फिरोजाबाद व सम्भल में हिंसा में 17 लोगों की मौत हो गई थी। 20 दिसम्बर को जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन के दौरान हिंसा तेज होने के बाद सरकार अब फूंक-फूंककर कदम रख रही है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए फोर्स अलर्ट पर है, साथ ही आधा दर्जन शहरों में शुक्रवार को मोबाइल इंटरनेट सेवा बाधित कर दी गई है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को लेकर बीते शुक्रवार को हिंसा के बाद अब प्रदेश सरकार हाई अलर्ट पर है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में जिला तथा पुलिस प्रशासन ने आज से ही सतर्कता बरत दी है। बिजनौर, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद तथा मथुरा के साथ ही बुलंदशहर में आज से मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज पर सभी की निगाहें हैं। मेरठ में जिला तथा पुलिस प्रशासन कल जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट पर है। स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही आज पुलिस प्रशासन ने लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान सभी के अमन और शांति रखने की अपील की गई। पुलिस के साथ इस बैठक में 100 से अधिक लोग थे। इन लोगों ने यहां कमिश्नर, आईजी व डीएम से अपील की। बैठक कचहरी के बचत भवन में हुई। प्रदेश में आज बिजनौर में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। दो दिन यानी 26 व 27 दिसम्बर के लिए सेवा को बंद किया गया है। यहां जिलाधिकारी के निर्देश के बाद पर सुरक्षा कारणों से इंटरनेट को बंद किया गया है। बुलंदशहर में आज पुलिस ने सामाजिक लोगों के साथ बैठक की।
लखनऊ में भी जिला प्रशासन सतर्क है। यहां पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने जुमे की नमाज को लेकर शांति की अपील की है। मौलाना ने रामगंज, मुफ्ती गंज व हुसैनाबाद में दौरा किया। इन लोगों ने सभी से शांति व अमन बनाने की अपील की है। यहां मौलाना कल्बे जव्वाद, मौलाना रजा हैदर, मौलाना रजा हुसैन के साथ मौलाना कमरुल हसन ने शांति की अपील की। नागरिकता संशोधन कानून के फिर से विरोध की अफवाह को लेकर पुलिस ने संभ्रांत लोगों के साथ धर्मगुरुओं से अफवाह की खंडन करने की अपील की। सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। यह बैठक आज ऊपरकोट सिटी कोतवाली में हुई। फिरोजाबाद में भी आज से दो दिन के लिए मोबाइल इंटरनेट को बंद किया गया है। माना जा रहा है कि अफवाहों से बचने के लिए इंटरनेट बंद किया गया है। सुहागनगरी फिरोजाबाद में भी आज से कल शाम 6 बजे तक मोबाइल इंटरनेट बंद रहेगा। फिरोजाबाद में हुए हिंसक प्रदर्शनों में चार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए थे। जिला प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई के साथ-साथ अफवाहों को रोकने के लिए भी पूरी शिद्दत के साथ लगा हुआ है। जिले में इंटरनेट सेवाएं फिर से बंद कर दी गई हैं। टेलीकॉम कंपनियों ने मैसेज भेज कर उपभोक्ताओं को सूचित भी कर दिया है।

Related Articles

Back to top button