कुछ इस तरह मिली यह दोनों बहनें
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2015/10/korean-sister.jpg)
दस्तक टाइम्स/एजेंसी-
फ्लोरिडा: 1970 के दशक में बिछड़ी यह बहनें इस तरह से एक-दूसरे से मिलेंगी यह उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा। एक ही हॉस्पिटल में काम करने वाली यह दो बहनें एक-दूसरे से अंजान थी। हॉली ओ ब्रायन और मेगन ह्यूज दोनों सगी बहनें हैं। दरअसल, 1970 के दशक में दोनों साउथ कोरिया में बिछड़ गई थीं। दोनों ही अनाथ थी, इसलिए अमेरिका के दो अलग-अलग परिवारों ने इन्हें गोद ले लिया था। हॉली तब नौ साल की थी जब उसे गोद लिया था। उस वक्त उसके पिता की मौत ट्रेन के नीचे आने से हो गई थी। तब से वह एक अनाथ आश्रम में रह रही थी, जबकि छोटी बहन मेगन को सौतेली मां पहले ही अपने साथ ले गई थी। हॉली को उसकी कोई खबर तक नहीं मिली थी। हालांकि, हॉली नए परिवार में खुश थी। लेकिन एक रात अचानक उसे बहन की याद आ गई और वह भावुक हो गई। उसने परिजन से बहन को ढूंढने की बात कही। तब अनाथ आश्रम से संपर्क भी किया गया, पर मेगन का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। लेकिन हॉली को यकीन था कि उसकी मुलाकात बहन से जरूर होगी।
उधर, मेगन का नाम बदल चुका था। वो उन सूक शिन नाम से जानी जाने लगी थी। उसे किंग्सटन के एक परिवार ने गोद लिया था। इसी साल हॉली ने फ्लोरिडा के बेफ्रंट हॉस्पिटल की सर्जिकल यूनिट में काम करना शुरू किया। तीन महीने बाद मेगन भी इसी हॉस्पिटल में फिजिकल थैरेपी असिस्टेंट के रूप में जुड़ी। एक मरीज के जरिए दोनों में बातचीत शुरू हुई। उस मरीज ने कहा कि तुम दोनों एक ही जगह से हो इसलिए आपस में बात करनी चाहिए। जब दोनों में बातचीत शुरू हुई, तो कई आदतें समान निकली। तय हुआ कि डीएनए टेस्ट करवाया जाए। रिजल्ट पॉजिटिव आया। दोनों की खुशी की सीमा न रही। हॉली के तो बच्चे नहीं हैं, लेकिन वह मौसी जरूर बन गई है। उसने भावुक होते हुए कहा कि मुझे पता था कि भगवान होते हैंं।