अन्तर्राष्ट्रीय

फ्रांस के सीनेट के चेयरमैन गेरार्ड लार्चर की भारत यात्रा का मक़सद

नई दिल्ली ( दस्तक ब्यूरो) : फ्रांस के सीनेट के चेयरमैन गेरार्ड लार्चर ( Gerard Larcher) 19 और 20 फरवरी को भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनके साथ पांच सीनेटरों का प्रतिनिधिमंडल भी आया है। भारत में फ्रांस के दूतावास ने इसकी सूचना दी है। भारत और फ्रांस के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने के लिहाज़ से यह यात्रा महत्वपूर्ण है क्योंकि फ्रेंच सीनेट के चेयरमैन और उनके साथ आने वाले अन्य सीनेटर फ्रांस के विधि निर्माता हैं और जब भी फ्रेंच संसद में भारत संबंधी कोई निर्णय या प्रस्ताव पारित करने की बात आयेगी तो इनका समर्थन मिलना आसान हो जायेगा।

आपको बता दें कि भारत फ्रांस मैत्री के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारत-फ्रांस व्यापार शिखर सम्मेलन पिछले साल आयोजित किया गया था जिसमें हरित भविष्य के निर्माण, उभरती प्रौद्योगिकियों, रक्षा सहयोग और भारत-प्रशांत क्षेत्रों में सहयोग सहित कई विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया था। हाल के वर्षों में फ्रांस के साथ व्यापार बढ़ने में आयात से अधिक निर्यात की भूमिका रही है। वर्ष 2022-23 में भारत से फ्रांस को कुल 7.6 अरब डॉलर मूल्य की वस्तुओं का निर्यात हुआ था।

निर्यात के विभिन्न घटकों का विश्लेषण करें तो पेट्रोलियम उत्पाद शीर्ष स्थान पर हैं। 2022-23 में निर्यात में उनकी हिस्सेदारी 1.3 अरब डॉलर रही। इसके बाद बिजली मशीन एवं उपकरणों और दवाओं एवं बायोलॉजिकल्स के निर्यात के आंकड़े (43.6 करोड़ डॉलर) सबसे अधिक रहे। हालांकि, फ्रांस से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) कम रहा है।

Related Articles

Back to top button