अपराधउत्तर प्रदेशमेरठराज्य

मेरठ पुलिस लाइन में बुलेट मोटरसाइकिल के मॉडिफाइड साइलेंसरों पर चला बाबा का बुलडोजर

वाहनों में अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करना नियमानुसार कार्रवाई के अन्तर्गत आता है।

मेरठ। यातायात माह नवम्बर-2026 के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक यातायात, मेरठ की उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन, मेरठ में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 172 मॉडिफाइड साइलेंसरों को बाबा के बुलडोजर ने नष्ट कर दिया।
आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान
अवगत कराना है कि जनपद मेरठ में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘यातायात माह नवम्बर-2026’ के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक यातायात, मेरठ की उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन, मेरठ में विशेष कार्रवाई की गई।


अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण को रोकना उद्देश्य
इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान के अन्तर्गत दोपहिया वाहनों से हटवाए गए 172 मॉडिफाइड साइलेंसरों को बुलडोजर चलवाकर नष्ट कराया गया। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वाहनों में अनधिकृत रूप से लगाए जाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के प्रयोग पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा उनसे उत्पन्न होने वाले अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण को रोकना है।
मानकों के अनुरूप ध्वनि नियंत्रित करने वाला साइलेंसर आवश्यक
केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 120(1) एवं 120(2) के अनुसार प्रत्येक मोटर वाहन में निर्धारित मानकों के अनुरूप ध्वनि नियंत्रित करने वाला साइलेंसर लगा होना आवश्यक है तथा वाहन का निर्माण एवं रखरखाव निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप होना चाहिए। पर्यावरण (संरक्षण) नियम, 1986 के अन्तर्गत दोपहिया वाहनों के लिए निर्माण स्तर पर इंजन क्षमता के अनुसार ध्वनि की निर्धारित सीमा 80 सीसी तक 75 डेसिबल dB(A), 80 सीसी से अधिक एवं 175 सीसी तक 77 डेसिबल dB(A) तथा 175 सीसी से अधिक क्षमता वाले वाहनों के लिए 80 डेसिबल dB(A) निर्धारित है। वाहनों में अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करना नियमानुसार कार्रवाई के अन्तर्गत आता है।


वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात, मेरठ द्वारा वाहन चालकों से अपील की गई कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसरों का ही प्रयोग करें। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर अत्यधिक तेज आवाज उत्पन्न करने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं संबंधित नियमों के अन्तर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आमजन से अपील
मेरठ पुलिस आमजन से अपील करती है कि सुरक्षित, सुगम एवं ध्वनि प्रदूषणमुक्त यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button