बिहारराज्य

पटना एयरपोर्ट पर मोदी-नीतीश की गर्मजोशी ने खींचा ध्यान, गले मिले दोनों नेता; 5 हजार करोड़ के नीतीश सेतु का किया उद्घाटन

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (21 नवंबर) को बिहार के दौरे पर पटना पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला। पीएम मोदी और नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए एक-दूसरे से मिले और गले लगकर अभिवादन किया। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा होने लगी।

नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।’ इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच दिखाई दी गर्मजोशी ने सबका ध्यान खींचा।

9.76 किलोमीटर लंबे नीतीश सेतु का उद्घाटन

पटना पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। यहां उन्होंने गंगा नदी पर करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने 9.76 किलोमीटर लंबे छह लेन के कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन किया। इस पुल को ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है।

यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके बीच राघोपुर दियारा भी आता है। इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में कई बड़े नेता रहे मौजूद

नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस परियोजना को बिहार के सड़क और परिवहन बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

34,470 करोड़ की 227 विकास परियोजनाओं की सौगात

पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में रोड शो भी किया। इस दौरान उन्होंने बिहार के लिए 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और विकास कार्यों को गति देना है।

इस कार्यक्रम में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button