अन्तर्राष्ट्रीय

Britain में दिनदहाड़े भारतवंशी महिला से सामूहिक दुष्कर्म

घटना को लेकर भारतवंशी समुदाय में गुस्सा

लंदन : ब्रिटेन में भारतवंशी सिख महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, 20 वर्षीय महिला से पार्क में दिनदहाड़े दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पीड़िता से अपने देश वापस जाने को भी कहा। पुलिस इस घटना की नस्लीय भेदभाव और घृणा अपराध से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से पहले घटी। पीड़िता से टेम रोड इलाके में एक पार्क में दिन के उजाले में दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि दोनों हमलावर गोरे लोग थे। पुलिस ने उनके हुलिये की जानकारी साझा की है, जिसमें बताया गया है कि एक आरोपी मजबूत कदकाठी का है और उसने गहरे रंग का स्वेट शर्ट और दस्ताने पहने हुए थे। वहीं दूसरे आरोपी ने ग्रे रंग की जैकेट पहनी हुई थी।

पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए स्थानीय लोगों से मदद की गुहार लगाई है और कोई भी संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज, वीडियो आदि मुहैया कराने की अपील की। इस घटना को लेकर ब्रिटेन के भारतवंशी और सिख समुदाय में गहरी नाराजगी और गुस्सा है। ब्रिटेन में हाल के समय में सिख समुदाय के खिलाफ नस्लीय हमलों की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। लेबर पार्टी की सांसद प्रीत कौर गिल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह हिंसा और नस्लवाद का घोर निंदनीय कृत्य है। नस्लवाद की ओल्डबरी में कोई जगह नहीं है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button