झारखंड में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी, 5 महिलाओं की मौत

रांची। झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 5 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बस में सवार थे करीब 80 यात्री
हादसा महुआडांड़ थाना क्षेत्र की ओरसा घाटी में हुआ। बताया गया है कि बस में करीब 80 लोग सवार थे। यह बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से लोध फॉल जा रही थी। अचानक बस चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
राहत और बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई घायलों को महुआडांड़ के सरकारी अस्पताल और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि बस के नीचे कई लोग दबे होने की आशंका है और उन्हें निकालने के प्रयास जारी हैं।



