झारखण्ड

दावोस में सीएम हेमंत सोरेन ने रखा झारखंड का विज़न, ऊर्जा और सतत विकास पर वैश्विक मंच पर मजबूत पक्ष

रांची। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक के दूसरे दिन झारखंड ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रभावी मौजूदगी दर्ज कराई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य ने ऊर्जा उत्पादन, उपभोग, सतत विकास और क्षेत्रीय नेतृत्व से जुड़े अहम वैश्विक संवादों में सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय नीति निर्माताओं, निवेशकों और वैश्विक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ कई महत्वपूर्ण चर्चाओं में हिस्सा लिया।

इंटर मिनिस्टीरियल डायलॉग में सीएम का अहम संबोधन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इंटर मिनिस्टीरियल डायलॉग में संबोधन विशेष रूप से चर्चा में रहा। इस सत्र में स्लोवाकिया के पूर्व वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री वाजिल हुडाक सहित कई देशों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में सतत और समावेशी आर्थिक विकास के लिए वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।

नवीकरणीय ऊर्जा और निवेश पर फोकस
संवाद के दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, भारी वाहन निर्माण क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं और बागवानी क्षेत्र में टिकाऊ तकनीकों को अपनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने झारखंड में स्वच्छ ऊर्जा और हरित निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया।

स्वच्छ ऊर्जा पर वैश्विक चर्चा में झारखंड की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कैपिटल इन एक्शन: स्केलिंग एनर्जी सिस्टम्स थ्रू पॉलिसी, फाइनेंस एंड रीजनल लीडरशिप विषयक सत्र में भी भाग लिया। इस दौरान स्वच्छ ऊर्जा प्रणालियों के विस्तार, नवाचार आधारित वित्तपोषण और प्रभावी नीतिगत समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

जमीनी स्तर पर राज्यों की भूमिका अहम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तय किए गए जलवायु और स्थिरता लक्ष्यों को धरातल पर उतारने में राज्यों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने झारखंड द्वारा औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाने, रोजगार सृजन को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय आर्थिक मजबूती पर किए जा रहे प्रयासों को सामने रखा।

वैश्विक मंच पर झारखंड की प्रतिबद्धता
दावोस में झारखंड की यह सक्रिय भागीदारी राज्य की स्वच्छ ऊर्जा, सतत औद्योगिकीकरण और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वैश्विक संवाद और साझेदारी के जरिए झारखंड भविष्य केंद्रित, संतुलित और टिकाऊ विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Back to top button